
रिपोर्ट______अरुण यादव
आजमगढ़। कंधरापुर थाना क्षेत्र के कोहड़ी बुजुर्ग गांव में सर्पदंश से एक युवक की मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया। युवक की असमय मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
जानकारी के अनुसार, कोहड़ी बुजुर्ग गांव निवासी कन्हैया कुमार (32) पुत्र इंद्रजीत मंगलवार और बुधवार की मध्य रात्रि अपने घर में सो रहे थे। इसी दौरान एक विषैले सांप ने बिस्तर पर चढ़कर उन्हें डस लिया। सर्पदंश के कुछ देर बाद उनकी हालत बिगड़ने लगी।
परिजन आनन-फानन में कन्हैया कुमार को उपचार के लिए बिलरियागंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) लेकर पहुंचे। यहां चिकित्सकों ने उपचार शुरू किया, लेकिन हालत गंभीर होने पर उन्हें बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया गया। इसके बाद परिजनों ने उन्हें एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया। वहां भी हालत में सुधार नहीं होने पर चिकित्सकों ने उन्हें दोबारा रेफर कर दिया।
परिजन कन्हैया को जिला अस्पताल ले जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई। युवक की मौत की खबर मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई।
घटना के संबंध में बुधवार को मृतक के भाई राजन पुत्र इंद्रजीत ने कंधरापुर थाने में तहरीर दी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।
बुधवार की शाम तक मृतक के घर में मातम पसरा रहा। कन्हैया कुमार की अचानक हुई मौत से परिवार और गांव में शोक का माहौल है।
