
रिपोर्ट______अरुण यादव
आजमगढ़। केंद्र सरकार में वित्त राज्य मंत्री एवं भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी गुरुवार को आजमगढ़ पहुंचे। उन्होंने दुर्वासा धाम स्थित दुर्वासा ऋषि मंदिर में विधिवत दर्शन-पूजन किया। इसके बाद भाजपा के प्रदेश महामंत्री सहजानंद राय के पिता स्व. आद्या प्रसाद राय की पांचवीं पुण्यतिथि पर आयोजित कार्यक्रम में शामिल होकर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।
दुर्वासा मंदिर परिसर में भाजपा की ओर से आयोजित मंडल प्रवास कार्यक्रम के तहत मंडल कार्यसमिति एवं शक्ति केंद्र की बैठक में भी प्रदेश अध्यक्ष ने हिस्सा लिया। बैठक में उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं से संगठन को बूथ स्तर तक और अधिक मजबूत बनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि भाजपा का कार्यकर्ता लगातार जनता के बीच रहकर काम करता है और संगठन की मजबूती ही पार्टी की सबसे बड़ी ताकत है।
2027 में आजमगढ़ की सभी सीटों पर जीत का दावा
मीडिया से बातचीत के दौरान पंकज चौधरी ने समाजवादी पार्टी और आगामी 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि भाजपा बूथ स्तर पर काम करने वाली पार्टी है। भाजपा का कार्यकर्ता 365 दिन जनता के बीच रहकर उनकी सेवा करता है। इसलिए पार्टी को चुनाव के लिए अलग से तैयारी करने की जरूरत नहीं पड़ती, भाजपा हमेशा चुनाव के लिए तैयार रहती है।
सपा की चुनावी तैयारियों पर तंज कसते हुए उन्होंने कहा, “अखिलेश जी एसी से बाहर तो निकले हैं अब।” भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने दावा किया कि 2027 के विधानसभा चुनाव में आजमगढ़ में भाजपा का कमल खिलेगा और पार्टी जिले की सभी विधानसभा सीटों पर जीत हासिल करेगी।
सीएम योगी की AI वीडियो को बताया सपा की हताशा
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से जुड़ी एआई वीडियो को लेकर पूछे गए सवाल पर पंकज चौधरी ने इसे समाजवादी पार्टी और अखिलेश यादव की हताशा का प्रतीक बताया। उन्होंने कहा कि इस तरह की राजनीति के जरिए जनता को गुमराह नहीं किया जा सकता।
प्रदेश अध्यक्ष ने कार्यकर्ताओं से आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर पूरी ताकत के साथ जुटने का आह्वान किया। उन्होंने संगठन को बूथ स्तर पर और मजबूत करने तथा जनता के बीच लगातार सक्रिय रहने पर जोर दिया।
