
रिपोर्ट: दीपक चौरसिया
आजमगढ़। जिले के कप्तानगंज थाना क्षेत्र में सुबह एनएच-233 पर लखमीपुर पेट्रोल पंप के पास दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। इस सड़क हादसे में विनोद निषाद (28) पुत्र टिल्ठू निषाद, जो तमरुआ गांव के निवासी थे, अज्ञात वाहन की चपेट में आने से मौके पर ही मौत हो गई। मृतक सुबह बाइक पर सवार होकर, तेल भराने और कुछ कागजात ऑनलाइन कराने के लिए निकले थे।
लखमीपुर पेट्रोल पंप से करीब 100 मीटर पहले उनका क्षतिग्रस्त शव सड़क किनारे डिवाइडर पर पड़ा मिला, जबकि उनकी बाइक पास ही स्टार्ट हालत में खड़ी थी। ग्रामीणों के अनुसार विनोद लघुशंका के बाद सड़क पार कर रहे थे, तभी तेज रफ्तार वाहन ने टक्कर मार दी।
सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक के भाई मनोज निषाद ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ थाने में तहरीर दी है। विनोद दो बच्चों के पिता थे और लुधियाना में सिलाई-कढ़ाई का काम करते थे।
कप्तानगंज थाना प्रभारी देवेंद्र नाथ दुबे ने बताया कि अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
