रिपोर्ट: अरुण यादव
आज़मगढ़। जिले के फूलपुर कोतवाली क्षेत्र के बेलसिया गांव के पास शुक्रवार को रोडवेज बस को ओवरटेक करने के दौरान दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि एक महिला और एक बच्ची गंभीर रूप से घायल हो गईं। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और घायलों को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया।
जानकारी के अनुसार, बेलसिया गांव निवासी शाह आलम (54) अपनी पत्नी शाहजहां (44) और पोती अमरीन (10) के साथ शाहगंज से लौट रहे थे। इसी दौरान रोडवेज बस को क्रॉस करते समय भीखपुर गांव निवासी अखिलेश यादव की बाइक अनियंत्रित होकर शाह आलम की बाइक से टकरा गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि शाह आलम की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनकी पत्नी और पोती गंभीर रूप से घायल हो गईं। दोनों को फूलपुर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
दूसरी बाइक पर सवार अखिलेश यादव को भी गंभीर चोटें आईं। उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। मृतक अखिलेश यादव अपनी पत्नी को ससुराल छोड़कर घर लौट रहा था। वह दो भाइयों में सबसे छोटा था और एक पुत्र व एक पुत्री का पिता था। इस दर्दनाक घटना से दोनों परिवारों में कोहराम मचा हुआ है। पुलिस ने बताया कि आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
