रिपोर्ट: अरुण यादव
आज़मगढ़। करीब एक माह से उड़ रही अफवाह के बीच सीएम के सख्त निर्देश के बाद अब आज़मगढ़ पुलिस ने ड्रोन और ड्रोन चोरों जैसी अफवाह फैलाने वालों पर शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। इसी कड़ी में रानी की सराय थाने की पुलिस ने सोशल मीडिया पर पुरानी ड्रोन की तस्वीर और वीडियो शेयर कर अफवाह फैलाने वाले युवक के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।
मिली जानकारी के अनुसार, 27 सितंबर को रानी की सराय थाना क्षेत्र के चौकीदार नंदलाल यादव ने स्थानीय थाने में शिकायत दर्ज कराई थी कि हेमजापुर निवासी हसनवजहद हुसैन सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर पुरानी ड्रोन की फोटो और वीडियो साझा कर ग्रामीणों में भय का माहौल बना रहा है। चौकीदार ने बार-बार आरोपी से अपील की कि वह अफवाह न फैलाए, लेकिन उसने इस पर ध्यान नहीं दिया। फिलहाल आरोपी लखनऊ में रह रहा है।
एसपी ग्रामीण चिराग जैन ने बताया कि युवक द्वारा साझा की गई तस्वीरों की जांच की गई तो पता चला कि वे अमेरिका के कैलिफोर्निया की हैं, जिनका स्थानीय स्तर से कोई संबंध नहीं है। पुलिस ने आरोपी युवक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। उन्होंने कहा है कि इस तरह की अफवाह फैलाने वालों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी ताकि भविष्य में कोई भी व्यक्ति ऐसी हरकत न करें।
