आजमगढ़। जिला मजिस्ट्रेट/जिला निर्वाचन अधिकारी (पं.) श्री रविन्द्र कुमार ने बताया कि राज्य निर्वाचन आयोग, उत्तर प्रदेश लखनऊ की अधिसूचना के अनुसार जनपद आजमगढ़ में त्रिस्तरीय पंचायतों की निर्वाचक नामावलियों का वृहद पुनरीक्षण किया जाएगा। इसके लिए संशोधित समय सारिणी जारी कर दी गई है।

कार्यक्रम के अनुसार, 18 जुलाई से 18 अगस्त 2025 तक यदि किसी ग्राम पंचायत का आंशिक भाग किसी अन्य ग्राम पंचायत या नगरीय निकाय में शामिल हुआ है तो विलोपन और मतदाता सूची की प्रिंटिंग की कार्रवाई होगी। बीएलओ एवं पर्यवेक्षकों को कार्य क्षेत्र का आवंटन, प्रशिक्षण और स्टेशनरी वितरण का कार्य समानांतर रूप से होगा।

19 अगस्त से 29 सितंबर 2025 तक बीएलओ घर-घर जाकर सर्वे करेंगे। 01 जनवरी 2025 को 18 वर्ष की आयु पूर्ण करने वाले सभी अर्ह व्यक्तियों के नाम शामिल होंगे। ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तिथि 22 सितंबर है। प्राप्त आवेदनों की जांच 23 से 29 सितंबर तक होगी।

30 सितंबर से 6 अक्टूबर तक पांडुलिपि जमा होगी। 7 अक्टूबर से 24 नवंबर तक ड्राफ्ट नामावली का कम्प्यूटरीकरण किया जाएगा। 25 नवंबर से 4 दिसंबर तक मतदान केंद्रों की मैपिंग व फोटो कॉपी की जाएगी। अनंतिम सूची का प्रकाशन 5 दिसंबर को होगा और इसका निरीक्षण 6 से 12 दिसंबर तक किया जाएगा। इस अवधि में दावे-आपत्तियाँ भी लिए जाएंगे।

13 से 19 दिसंबर तक निस्तारण तथा 20 से 23 दिसंबर तक संशोधित पांडुलिपि तैयार कर कार्यालय में जमा होगी। अंतिम कम्प्यूटरीकरण कार्य 24 दिसंबर से 8 जनवरी तक और समापन कार्य 9 से 14 जनवरी तक होगा। अंतिम मतदाता सूची 15 जनवरी 2026 को प्रकाशित होगी।