आजमगढ़। महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और सशक्तिकरण को बढ़ावा देने के लिए उत्तर प्रदेश सरकार के मिशन शक्ति फेज-5.0 अभियान के तहत आज जनपद आजमगढ़ में एक भव्य महिला पुलिस बाइक रैली का आयोजन किया गया। यह रैली पुलिस लाइन आजमगढ़ से शुरू होकर शहर के प्रमुख चौराहों और तिराहों से होते हुए नगर में जागरूकता फैलाने का कार्य कर रही है।

मिशन शक्ति फेज-5.0 के तहत आयोजित इस महिला पुलिस बाइक रैली को पुलिस उप-महानिरीक्षक आजमगढ़ परिक्षेत्र, श्री सुनील कुमार सिंह, और पुलिस अधीक्षक आजमगढ़, डॉ. अनिल कुमार ने पुलिस लाइन आजमगढ़ से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। रैली शहर के विभिन्न स्थानों जैसे सिविल लाई चौकी तिराहा, अग्रेसन चौराहा, कोतवाली, बड़ादेव तिराहा, शंकर तिराहा, चौक चौराहा, पुरानी कोतवाली, तकिया तिराहा, पहाड़पुर तिराहा, मुकरिगंज तिराहा, हर्रा की चुंगी तिराहा, कोट चौराहा, दलालघाट तिराहा, काली चौरा तिराहा, गांधी तिराहा और रैदोपुर तिराहा आदि स्थानों से होकर गुजरी।

इस अभियान का उद्देश्य महिलाओं और बालिकाओं को उनके अधिकारों, सुरक्षा हेल्पलाइन नंबरों, साइबर अपराध से बचाव और कानूनी जानकारी से अवगत कराना है। रैली में महिला पुलिस कर्मियों ने नागरिकों को हेल्पलाइन नंबर (1090, 112, 181, 1076, 1098) और आत्मरक्षा के उपायों के बारे में जानकारी दी।

पुलिस उप-महानिरीक्षक सुनील कुमार सिंह ने कहा कि मिशन शक्ति फेज-5.0 का उद्देश्य महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के साथ उन्हें सशक्त और आत्मनिर्भर बनाना है। उन्होंने बताया कि अभियान के तहत एंटी-रोमियो दस्ते बनाए जाएंगे और स्कूल, कॉलेज एवं गांवों में चौपाल लगाकर महिलाओं और बालिकाओं को जागरूक किया जाएगा।
इस दौरान सभी अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण चिराग जैन, क्षेत्राधिकारी नगर शुभम तोदी, क्षेत्राधिकारी सदर आस्था जायसवाल एवं अन्य अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे। रैली ने नारी सुरक्षा और सशक्तिकरण का संदेश देते हुए समाज में महिलाओं के प्रति सम्मान और जागरूकता बढ़ाने का काम किया।
