आजमगढ़। पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर सोमवार तड़के एक सड़क हादसे ने कई परिवारों की खुशियां छीन लीं। सुल्तानपुर जिले के सेमरी इलाके में हुए इस भीषण दुर्घटना में पिता-पुत्र समेत तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि छह अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।
मिली जानकारी के अनुसार, यह हादसा जयसिंहपुर थाना क्षेत्र के सेमरी के पास उस समय हुआ, जब लखनऊ से आजमगढ़ की ओर जा रही एक तेज रफ्तार कार घने कोहरे के बीच सड़क पर पहले से खड़े एक खराब ट्रक में पीछे से जा घुसी। बताया जा रहा है कि ट्रक का एक्सल टूट जाने के कारण वह पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर खड़ा था।
हादसे में आजमगढ़ जनपद के सरायमीर निवासी हरिवंश और उनके पुत्र सिकंदर की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं ठेकमा थाना क्षेत्र के शम्मोपुर निवासी अजय ने भी इस दुर्घटना में दम तोड़ दिया।
कार में सवार छह अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें तत्काल इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस के मुताबिक, दुर्घटना के समय कोहरा काफी घना था और दृश्यता बेहद कम थी, जिससे चालक को सड़क पर खड़े ट्रक का समय रहते अंदाजा नहीं हो सका। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और एक्सप्रेसवे की टीम मौके पर पहुंची और राहत कार्य शुरू किया।
फिलहाल पुलिस ने दुर्घटना की जांच शुरू कर दी है। प्रशासन की ओर से मृतकों के परिजनों को हर संभव सहायता का आश्वासन दिया गया है। इस हादसे के बाद पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर सुरक्षा इंतजामों और खराब वाहनों की समय पर सूचना व्यवस्था को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं।
