रिपोर्ट: अरुण यादव


आज़मगढ़। जिले के  जहानागंज थाना क्षेत्र के कारीसाथ गांव में शुक्रवार की सुबह उस वक्त सनसनी फैल गई, जब एक व्यक्ति का शव पेड़ से लटकता मिला। खेत जाने के लिए निकले व्यक्ति ने गमछे का फंदा लगाकर अपनी इहलीला समाप्त कर ली। मौके पर पहुची पुलिस ने शव को कब्ज़े में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।


जहानागंज थाना क्षेत्र के कारीसाथ गांव निवासी करीब 50 वर्षीय घनश्याम यादव उर्फ गिद्दी पुत्र शंभूनाथ यादव रोज की तरह शुक्रवार की सुबह खेत जाने के लिए घर से निकले थे। कुछ देर बाद ग्रामीणों ने कोल्हूखोर के मुर्दहा पोखरा के पास बरगद के पेड़ से लटकता उनका शव देखा। सूचना के बाद ग्रामीणों की भीड़ मौके पर जुट गई।

सूचना पर जहानागंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को नीचे उतरवाकर कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। मृतक घनश्याम की पांच बेटियां हैं । बताया जा रहा है मृतक आर्थिक तंगी से भी काफी परेशान चल रहा था। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।