रिपोर्ट: अरुण यादव
आजमगढ़। जिले के देवगांव और रौनापार थाना क्षेत्रों में हुए अलग-अलग सड़क हादसों में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि आधा दर्जन से अधिक लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों ही मामलों में तेज रफ्तार वाहनों की टक्कर से घटनाएं हुईं, जिससे क्षेत्र में शोक का माहौल है।
मिली जानकारी के अनुसार, देवगांव थाना क्षेत्र के सराय खुरचून गांव निवासी हरिश्चंद राजभर (45) 08 दिसंबर की दोपहर करीब दो बजे साइकिल से बाजार से घर लौट रहे थे। सराय मोड़ पर पल्हना की ओर से आ रही तेज रफ्तार बोलेरो ने उन्हें टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की सूचना पर परिजन उन्हें जिला अस्पताल ले गए, जहां से हालत गंभीर होने पर राजकीय मेडिकल कॉलेज चक्रपानपुर रेफर कर दिया गया। इलाज के दौरान शनिवार शाम उनकी मौत हो गई। मृतक एक पुत्र और दो पुत्रियों के पिता थे तथा मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण करते थे। कोतवाली प्रभारी विमल प्रकाश राय के अनुसार मामले की जांच की जा रही है।
वहीं दूसरी घटना रौनापार थाना क्षेत्र के लाटघाट की है, जहां शनिवार देर शाम आजमगढ़–गोरखपुर मार्ग पर यूनियन बैंक महुला और पुलिस चौकी मोहल्ला के बीच ट्रेलर और पिकअप की आमने-सामने टक्कर हो गई। इस हादसे में जोकहरा गांव निवासी पूर्व प्रधान तिलक राजभर (56) की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बालचंद (65), रघु (60), लक्ष्मण (60), अभिमन्यु राजभर (27), संदीप (27) और अजय राजभर (30) गंभीर रूप से घायल हो गए।
बताया गया कि सभी लोग दोहरीघाट (मऊ) में दाह संस्कार कार्यक्रम में शामिल होकर पिकअप से लौट रहे थे, तभी रात करीब 8:45 बजे तेज रफ्तार ट्रेलर ने पिकअप को अपनी चपेट में ले लिया। घायलों को सीएचसी लाटघाट ले जाया गया, जहां से उन्हें आजमगढ़ सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया। थानाध्यक्ष मंतोष सिंह ने बताया कि ट्रेलर चालक की तलाश की जा रही है और जांच जारी है। हादसे के बाद गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
