रिपोर्ट: अरुण यादव
आज़मगढ़। जिले के मुबारकपुर थाना क्षेत्र के सठियांव ब्लाक परिसर स्थित अमृत सरोवर में रविवार को स्नान करने गए किशोर की डूबकर मौत हो गई। जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से शव को बाहर निकाला। घटना से परिवार में कोहराम मच गया।
सठियांव गांव के 15 वर्षीय नीरज बासफोर के पिता सुभाष बासफोर रविवार को कस्बे में काम पर गए थे। नीरज दोपहर में तीन-चार साथियों के साथ अमृत सरोवर में नहाने पहुंचा। साथियों के अनुसार स्नान के दौरान वह गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा। बचाने का प्रयास किया गया, लेकिन वह पानी में समा गया। घटना की सूचना मिलने पर आस-पास के लोग सरोवर किनारे पहुंचे, लेकिन पानी अधिक होने से कोई तुरंत उतरने को तैयार नहीं हुआ। पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और तलाश शुरू की। इसी दौरान फखरुद्दीनपुर निवासी असगर अपने साथियों संग वहां पहुंचा। असगर के साथी अवधेश चौहान ने हिम्मत दिखाते हुए पानी में उतरकर नीरज को बाहर निकाला।
उसे सीएचसी सठियांव ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। नीरज सात भाई-बहनों में चौथे नंबर पर था। उसकी मौत से मां-बाप और भाई-बहनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
