आज़मगढ़। जिले के पवई थाना क्षेत्र के सरायपुल बाजार में रविवार रात दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर में एक युवक की मौके पर मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। वहीं, दूसरी बाइक पर सवार दोनों युवक हादसे के बाद मौके से फरार हो गए।
हादसे में जान गंवाने वाला युवक जौनपुर जिले के खुटहन थाना क्षेत्र के गोबरहा गांव निवासी अमृतलाल (37) था, जो रोजी-रोटी के लिए बाहर रहता था और करीब दो माह पहले ही घर लौटा था। रविवार को वह अपने गांव के ही साथी राजेश के साथ बाइक से शिवधाम बेलवाई जलाभिषेक के लिए निकला था।
रास्ते में सरायपुल बाजार के पास उनकी बाइक की दूसरी बाइक से जबरदस्त भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी तेज थी कि अमृतलाल की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि राजेश गंभीर रूप से घायल हो गया।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घायल को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज जारी है।
पवई थाना प्रभारी प्रदीप कुमार मिश्रा ने बताया कि फरार वाहन सवारों की तलाश की जा रही है। मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया।
