आजमगढ़। जिले के कंधरापुर थाना क्षेत्र में बुधवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार वृद्ध की कार की टक्कर से मौत हो गई। हादसा मंदुरी हवाई अड्डे के पास हुआ। घटना की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।
मिली जानकारी के अनुसार, कंधरापुर थाना क्षेत्र के धरसन गांव निवासी 60 वर्षीय जयप्रकाश सिंह खेती-किसानी कर जीवन यापन करते थे। उन्होंने पचखोरा साधन सहकारी समिति में धान बिक्री के लिए नंबर लगाया था। बुधवार दोपहर वह बाइक से समिति जा रहे थे। जैसे ही वे मंदुरी हवाई अड्डे के पास सड़क पार कर रहे थे, तभी तेज रफ्तार कार ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी।
हादसे में जयप्रकाश सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए। टक्कर के बाद कार चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। स्थानीय लोगों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को एंबुलेंस से मंडलीय अस्पताल भिजवाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
बताया जा रहा है कि जयप्रकाश सिंह तीन भाइयों में दूसरे नंबर पर थे और उनकी कोई संतान नहीं थी। उनकी मौत से पत्नी समेत पूरे परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस फरार कार चालक की तलाश में जुट गई है।
