आजमगढ़। जिले के थाना निजामाबाद क्षेत्र में दर्ज दो चोरी के मामलों का पुलिस ने खुलासा करते हुए अभियुक्त को चोरी के सामान के साथ गिरफ्तार कर लिया।
पहला मामला छह अगस्त की रात का है, जब विशनपुर निवासी अनुराग पाण्डेय अपने घर के टिन शेड बरामदे में सो रहे थे। इसी दौरान अज्ञात चोरों ने 1700 रुपये नगद, एक टॉर्च, एक एंड्रॉयड मोबाइल फोन, बैग में रखा पासबुक व आधार कार्ड चोरी कर लिया। इस संबंध में थाना निजामाबाद पर मुकदमा पंजीकृत किया गया था।
दूसरी घटना 24 अगस्त को पइन्दापुर गांव की है। रीमा यादव पुत्री स्व. लल्तू यादव के घर का ताला तोड़कर चोरों ने एक पुरानी साइकिल, टुल्लू पम्प, सिलाई मशीन, फूल के बर्तन तथा एक पुरानी टीवी चोरी कर ली थी। इस मामले में भी मुकदमा दर्ज कर विवेचना उपनिरीक्षक चन्द्रजीत यादव को सौंपी गई थी।
पुलिस की सक्रियता से मंगलवार की रात दमदियावन पानी टंकी के पास से अजय यादव पुत्र ज्वाहिर यादव निवासी पइन्दापुर को चोरी के सामान सहित गिरफ्तार किया गया। उसके कब्जे से एक वनप्लस मोबाइल, पुरानी सिलाई मशीन, पुरानी टीवी, पीले रंग का धातु का गिलास, पासबुक, आधार कार्ड तथा 190 रुपये बरामद हुए। गिरफ्तार अभियुक्त को आवश्यक कार्रवाई करते हुए न्यायालय भेज दिया गया।
