आजमगढ़। जिले के बिलरियागंज थाना क्षेत्र में पुलिस ने गैंगेस्टर एक्ट के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए एक वांछित अभियुक्त को गिरफ्तार किया है। संगठित गिरोह चलाकर अवैध गतिविधियों में शामिल युवक की गिरफ्तारी से इलाके में हड़कंप मच गया। पुलिस ने आरोपी को उसके घर के पास से दबोच लिया है।
थाना बिलरियागंज पुलिस द्वारा गैंगेस्टर एक्ट में वांछित अभियुक्त राहिल खान पुत्र शमशाद खान, निवासी इस्लामपुरा, थाना बिलरियागंज, जनपद आजमगढ़ को गिरफ्तार किया गया है। थाना अभिलेखों के अवलोकन में सामने आया कि अभियुक्त अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर संगठित आपराधिक गिरोह संचालित कर रहा था।
बताया गया कि बीते 16 जनवरी को ग्राम छिछोरी व बगवार के मध्य अभियुक्त को गौवंशीय पशु का वध कर प्रतिबंधित मांस बिक्री के लिए ले जाते हुए पकड़ा गया था। उसके कब्जे से 5 किलो 500 ग्राम प्रतिबंधित मांस व मांस काटने के उपकरण बरामद हुए थे। इस मामले में थाना बिलरियागंज पर मुकदमा दर्ज था।
