आजमगढ़। जिले के कप्तानगंज थाना क्षेत्र में नाबालिग से दुष्कर्म और युवती को बहला-फुसलाकर भगाने के दो अलग-अलग मामलों में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक बाल अपचारी को पुलिस अभिरक्षा में लिया गया है।

कप्तानगंज थाना क्षेत्र में दर्ज एक मामले में वादी ने 19 अक्टूबर 2025 को तहरीर देकर बताया था कि 18 अक्टूबर की शाम करीब 5 बजे उनकी नाबालिग पुत्री घर से बिना बताए कहीं चली गई थी। काफी तलाश के बाद भी उसका पता नहीं चल सका। इस मामले में थाना कप्तानगंज पर मुकदमा दर्ज कर विवेचना शुरू की गई। जांच के दौरान साक्ष्य के आधार पर बैदरा थाना महराजगंज निवासी जितेन्द्र उर्फ गोलू यादव (20) का नाम सामने आया। पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर सोमवार को खीरीडीहा मोड़ के पास से आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के खिलाफ बीएनएस, पॉक्सो एक्ट और एससी/एसटी एक्ट की धाराओं में कार्रवाई करते हुए उसे न्यायालय भेज दिया गया।


वहीं इसी थाना क्षेत्र के दूसरे मामले में बीते 6 मार्च को एक व्यक्ति ने थाने में प्रार्थना पत्र देकर बताया कि 5 मार्च की रात करीब 8:30 बजे उसकी नाबालिग भतीजी को प्रियांशू पुत्र प्रेमचन्द्र निवासी ग्राम बृजमनी बुजुर्ग थाना महराजगंज अपने साथियों के साथ बहला-फुसलाकर भगा ले गया। परिजनों द्वारा खोजबीन करने पर लड़की आरोपी के घर पर मिली। इस संबंध में थाना कप्तानगंज पर मुकदमा दर्ज कर विवेचना शुरू की गई। जांच के दौरान सरवन पुत्र केशरी, शिवा पुत्र अज्ञात निवासी ग्राम लहरपार और एक बाल अपचारी का नाम भी प्रकाश में आया।


पुलिस ने रविवार को गोपलापुर पुलिया के पास से आरोपी प्रियांशू (18) को गिरफ्तार कर लिया, जबकि मौके से एक बाल अपचारी को भी पुलिस अभिरक्षा में लिया गया। पुलिस का कहना है कि मामले में अन्य आरोपियों की तलाश जारी है ।