आजमगढ़। जिलाधिकारी  द्वारा जारी निर्देशों के अनुपालन में अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व)  गंभीर सिंह ने मंगलवार को सगड़ी तहसील, उप निबंधक कार्यालय सगड़ी, हरैया ब्लॉक व सहबदिया बाढ़ कटान क्षेत्र का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अधिकारियों को कार्यों में पारदर्शिता एवं गुणवत्ता बनाए रखने हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

तहसील सगड़ी में उप जिलाधिकारी, तहसीलदार, सभी नायब तहसीलदार, पटल सहायक, राजस्व निरीक्षक एवं हल्का लेखपाल उपस्थित रहे। अपर जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि सभी अधिकारी रोस्टर बनाकर अपने-अपने कार्यक्षेत्र का नियमित निरीक्षण करें। साथ ही, राजस्व निरीक्षकों की टीम नायब तहसीलदार की अध्यक्षता में गठित कर अवैध कब्जों को हटाने की कार्यवाही शीघ्र सुनिश्चित की जाए।

उन्होंने न्यायालयीय वादों के त्वरित निस्तारण और उनके ऑनलाइन प्रविष्टि में किसी प्रकार की लापरवाही न बरतने का निर्देश भी दिया। तहसील परिसर की सफाई व्यवस्था को सराहनीय बताया गया।

इसके पश्चात श्री सिंह ने उप निबंधक कार्यालय सगड़ी का निरीक्षण किया, जहाँ भी साफ-सफाई की स्थिति संतोषजनक पाई गई। इसके बाद हरैया ब्लॉक में समस्त ग्राम प्रधानों के साथ बैठक कर एडीएम  ने निर्देश दिया कि ग्राम विकास कार्यों में कोई कोताही न हो। बैठक में उप जिलाधिकारी व तहसीलदार सगड़ी भी मौजूद रहे।

निरीक्षण के अंतिम चरण में एडीएम  ने बाढ़ क्षेत्र अंतर्गत सहबदिया (सुल्तानपुर राजस्व ग्राम) के बांध पर संभावित कटान का निरीक्षण किया, जहाँ फिलहाल कोई कटान नहीं पाई गई। उन्होंने क्षेत्र की सतत निगरानी जारी रखने का आदेश दिया।