आजमगढ़। सुर-संगीत की पहचान बन चुके हरिहरपुर गांव को जल्द ही एक और ऐतिहासिक सौगात मिलने जा रही है। पद्मविभूषण पंडित स्व. छन्नूलाल मिश्र की विरासत को आगे बढ़ाने वाले 21.79 करोड़ रुपये से बने हरिहरपुर संगीत महाविद्यालय के लोकार्पण को लेकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के संभावित आगमन से प्रशासनिक हलचल तेज हो गई है।
मिली जानकारी के अनुसार मुख्यमंत्री के संभावित कार्यक्रम को देखते हुए वीवीआईपी मूवमेंट की तैयारियां शुरू कर दी गई हैं और प्रशासन स्तर पर निरीक्षण व व्यवस्थाओं की समीक्षा की जा रही है। इसी क्रम में जिलाधिकारी और मुख्य विकास अधिकारी ने हरिहरपुर पहुंचकर कार्यक्रम स्थल से जुड़ी तैयारियों का जायजा लिया।
शहर से सटे पद्मविभूषण पंडित स्व. छन्नूलाल मिश्र के पैतृक गांव हरिहरपुर के युवा कलाकारों की सुर-संगीत की पहचान अब अंतरराष्ट्रीय स्तर पर स्थापित होने लगी है। संगीत घराना के नाम से मशहूर हरिहरपुर गांव में 21 करोड़ 79 लाख रुपये की लागत से नवनिर्मित हरिहरपुर संगीत महाविद्यालय का निर्माण कार्य पूरा हो चुका है। इसी भव्य महाविद्यालय के लोकार्पण के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के संभावित दौरे को लेकर प्रशासन तैयारियों में जुट गया है।
हालांकि मुख्यमंत्री के कार्यक्रम की तिथि अभी आधिकारिक रूप से जारी नहीं हुई है, लेकिन सीएम कार्यालय से मिली प्रारंभिक सूचना के बाद प्रशासन ने वीवीआईपी मूवमेंट को ध्यान में रखते हुए तैयारियां तेज कर दी हैं। शनिवार को जिलाधिकारी रविंद्र कुमार और मुख्य विकास अधिकारी परीक्षित खटाना हरिहरपुर गांव पहुंचे और संगीत महाविद्यालय के नवनिर्मित भवन का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के बाद अधिकारियों ने समीप स्थित कंपोजिट विद्यालय के बगल की लगभग 10 बीघा नवीन परती भूमि का भी अवलोकन किया, जहां मुख्यमंत्री के आगमन के दौरान हेलीपैड और जनसभा स्थल बनाए जाने की संभावनाओं पर विचार किया गया। जिलाधिकारी ने साफ-सफाई के निर्देश देने के साथ ही नवीन परती भूमि पर कब्जे की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए पैमाइश कराकर सीमांकन कराने के आदेश दिए।
इसके बाद जिलाधिकारी ने हरिहरपुर के कलाकारों के साथ बैठक कर मुख्यमंत्री के संभावित कार्यक्रम को लेकर सुझाव भी मांगे। उन्होंने कलाकारों से कहा कि मुख्यमंत्री के समक्ष हरिहरपुर की सुर-संगीत परंपरा की झलक प्रस्तुत की जाएगी, इसलिए अभी से अपने सुर-संगीत की विशेष तैयारी शुरू कर दें।
उधर, प्रशासनिक सूत्रों के अनुसार मुख्यमंत्री का 28 दिसंबर को भी हरिहरपुर भ्रमण हो सकता है। इस दौरान वे नवनिर्मित संगीत महाविद्यालय का निरीक्षण करने के साथ-साथ अधिकारियों के साथ विकास कार्यों और कानून व्यवस्था की मंडलीय समीक्षा बैठक भी कर सकते हैं। मुख्यमंत्री के संभावित आगमन को लेकर हरिहरपुर गांव से लेकर जिला प्रशासन तक पूरी तरह अलर्ट मोड में नजर आ रहा है।
