स्वास्थ्य केन्द्रों में उपलब्ध रहें एंटी वेनम व रैबीज टीके : डीएम

आजमगढ़।  बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में राहत कार्यों को सुचारु बनाए रखने के उद्देश्य से जिलाधिकारी  रविन्द्र कुमार एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक  हेमराज मीना द्वारा सगड़ी तहसील अंतर्गत राहत शिविरों और चौकियों का निरीक्षण किया गया।

उन्होंने राहत शिविर कम्पोजिट विद्यालय हाजीपुर, प्राथमिक विद्यालय टोटहवा, महराजगंज, बाढ़ चौकी नौबरार देवारा जदीद किता-1 तथा दाम महुला आदि का निरीक्षण कर वहां पर की गई व्यवस्थाओं का गहन अवलोकन किया। संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश देते हुए उन्होंने कहा कि राहत शिविरों में लोगों के लिए आवश्यक सुविधाएं, साफ-सफाई, पेयजल, भोजन एवं स्वास्थ्य सुविधा की समुचित व्यवस्था होनी चाहिए। जिलाधिकारी ने कहा कि राहत शिविरों में पुरुष एवं महिलाओं के लिए पृथक आवास की व्यवस्था हो तथा हर शिविर में लेखपाल, ग्राम प्रधान और प्रधानाचार्य की स्पष्ट ड्यूटी लगाई जाए।

स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ करने हेतु न्यू प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र हाजीपुर का निरीक्षण किया गया। जिलाधिकारी ने एसीएमओ को निर्देशित किया कि सभी सीएचसी, पीएचसी एवं चिकित्सा शिविरों में आवश्यक दवाएं, एंटी वेनम और रैबीज के टीके पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध रहें। उन्होंने कहा कि एंटी लार्वा का छिड़काव, फॉगिंग, कीटनाशक का प्रयोग, दवा वितरण और पशुओं का टीकाकरण किसी भी स्थिति में बाधित न हो।

बाढ़ प्रबंधन के तहत 10 बाढ़ चौकियां, 14 राहत शिविर और 17 सुरक्षा समितियों को सक्रिय किया गया है। साथ ही, तहसील स्तर पर 324 नावों की व्यवस्था की जा रही है, जिनके लिए अनुबंध की प्रक्रिया जारी है।निरीक्षण के अंत में उन्होंने कहा कि किसी भी स्थिति में कोई भी व्यक्ति संकट में न रहे – यही प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। हर विभाग समन्वय के साथ कार्य करे और राहत कार्यों में कोई ढिलाई न हो।

निरीक्षण में अपर जिलाधिकारी (वि/रा) श्री गम्भीर सिंह, उप जिलाधिकारी सगड़ी, सीओ सगड़ी, जिला विकास अधिकारी, एक्सईएन सिंचाई, एसीएमओ, जिला पूर्ति अधिकारी, खण्ड विकास अधिकारी सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।