आजमगढ़ में सुशासन सप्ताह के तहत प्रशासन गांव की ओर अभियान को प्रभावी बनाने के उद्देश्य से कलेक्ट्रेट सभागार में विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार की अध्यक्षता में हुए इस आयोजन में जनशिकायतों के गुणवत्तापूर्ण निस्तारण, पात्र लाभार्थियों तक योजनाओं की पहुंच और जमीनी स्तर पर प्रशासनिक जवाबदेही को लेकर कड़ा संदेश दिया गया। कार्यक्रम में उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारियों, कर्मचारियों और जनप्रतिनिधियों को सम्मानित कर बेहतर कार्यसंस्कृति को बढ़ावा दिया गया।
जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार ने बताया कि शासन के निर्देशानुसार 19 से 25 दिसंबर तक पूरे प्रदेश में सुशासन सप्ताह मनाया जा रहा है। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य यह है कि सभी अधिकारी गांवों में जाकर कैंप लगाएं और जनता की शिकायतों का प्रभावी निस्तारण सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि सुशासन सप्ताह के अंतर्गत जो लोग पात्र होते हुए भी किसी कारणवश योजनाओं से वंचित रह गए हैं, उनके आवेदन भरवाकर उन्हें योजनाओं का लाभ दिया जा रहा है।
जिलाधिकारी ने कहा कि भारत सरकार और राज्य सरकार की मंशा है कि ब्लॉक और तहसील स्तर के अधिकारी गांवों में जाकर वास्तविक स्थिति को स्वयं देखें और शिकायत निस्तारण की गुणवत्ता का आकलन करें, ताकि यह समझा जा सके कि निस्तारण का स्तर क्या है और उसमें सुधार की कहां आवश्यकता है।
कार्यक्रम के दौरान समाज के लिए उत्कृष्ट कार्य करने वाले जनपद के अधिकारियों, लेखपालों, सचिवों, पंचायत सहायकों, एएनएम, आशा कार्यकर्ताओं और ग्राम प्रधानों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
जिलाधिकारी ने बताया कि आगामी 24 जनवरी को उत्तर प्रदेश दिवस के अवसर पर भी अच्छा कार्य करने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों को सम्मानित किया जाएगा। उन्होंने विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि सम्मान कार्यक्रमों में हर बार अलग-अलग व्यक्तियों को सम्मानित किया जाए, ताकि अधिक से अधिक कर्मियों को बेहतर कार्य के लिए प्रेरणा मिल सके।
जिलाधिकारी ने यह भी निर्देश दिया कि जिन ग्रामों से आईजीआरएस पर सबसे अधिक शिकायतें या असंतोषजनक फीडबैक प्राप्त हुआ है, वहां विभागवार शिकायतों के अनुसार जिला स्तरीय अधिकारी विशेष कैंप आयोजित करें। इन कैंपों में लंबित शिकायतों और जिनका प्रभावी निस्तारण नहीं हुआ है, उनका समाधान किया जाए, साथ ही छूटे हुए पात्र लाभार्थियों के आवेदन भरवाकर उन्हें जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ दिया जाए। उन्होंने कहा कि तभी सुशासन सप्ताह का क्रियान्वयन सही मायनों में सफल माना जाएगा।
सम्मानित किए गए सभी व्यक्तियों को बधाई देते हुए जिलाधिकारी ने आशा जताई कि वे आगे भी पूरे उत्साह और ऊर्जा के साथ बेहतर कार्य करेंगे और अपने साथ अन्य लोगों को भी अच्छा कार्य करने के लिए प्रेरित करेंगे।
कार्यक्रम में राजस्व, स्वास्थ्य, शिक्षा और पंचायती राज विभाग सहित विभिन्न विभागों के उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारियों व कर्मचारियों को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का संचालन डीसी मनरेगा राम उदरेज यादव ने किया।
