आजमगढ़। सेंट्रल पब्लिक स्कूल, जाफरपुर में गुड गवर्नेंस डे और क्रिसमस डे का धूमधाम से आयोजन हुआ। स्व. अटल बिहारी वाजपेयी के जन्मदिवस पर श्रद्धांजलि से लेकर रोमांचक एडवेंचरस स्पोर्ट्स कैंप तक, छात्रों ने उल्लास और उत्साह का जश्न मनाया।

इस अवसर पर विद्यालय के संस्थापक अयाज अहमद खान ने देश के पूर्व प्रधानमंत्री स्व. अटल बिहारी वाजपेयी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। कार्यक्रम में संस्था के प्रबंधक नवाज़ अहमद खान, प्रधानाचार्या रेखा सिंह, शिक्षक, कर्मचारीगण एवं छात्र-छात्राएँ उपस्थित रहे।


गुड गवर्नेंस डे के उपलक्ष्य में छात्रों के लिए हिंदी एवं अंग्रेजी में निबंध प्रतियोगिता तथा कविता लेखन प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। उत्कृष्ट रचनाओं के लिए विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। साथ ही स्व. अटल बिहारी वाजपेयी द्वारा लिखित कविताओं का भी पाठ किया गया। अयाज अहमद खान ने अपने संबोधन में वाजपेयी के जीवन, विचारों, कार्यशैली और सिद्धांतों पर प्रकाश डालते हुए छात्रों को प्रेरणा लेने का संदेश दिया।


क्रिसमस डे के अवसर पर विद्यालय परिसर में विद्यार्थियों के लिए भव्य एडवेंचरस स्पोर्ट्स कैंप का आयोजन किया गया, जिसका उद्घाटन संस्थापक ने फीता काटकर किया। इस कैंप में डबल रोप ब्रिज, कमांडो नेट, स्पाइडर नेट, बॉडी जोर्ब, ज़िप लाइन, बर्मा ब्रिज, वॉल क्लाइम्बिंग, सॉफ्ट आर्चरी, कमांडो क्रॉल और कैंपिंग जैसी कई रोमांचक गतिविधियाँ शामिल थीं। छात्रों ने इन गतिविधियों में भाग लेकर अपनी उत्साह और साहस का प्रदर्शन किया।


प्रबंधक नवाज़ अहमद खान ने बताया कि इस कैंप का उद्देश्य विद्यार्थियों में साहस, आत्मविश्वास और टीम वर्क की भावना को विकसित करना है। प्रधानाचार्या रेखा सिंह ने कहा कि विद्यालय न केवल शैक्षणिक ज्ञान प्रदान करता है, बल्कि जीवन कौशल और नेतृत्व क्षमता को भी बढ़ावा देता है। यह एडवेंचरस कैंप छात्रों के लिए प्रेरणादायक और यादगार अनुभव साबित हुआ।