आज़मगढ़। एडवोकेट एक्ट में संशोधन के प्रस्ताव के विरोध में दीवानी न्यायालय के अधिवक्ता मंगलवार को पूरे दिन न्यायिक कार्य से विरत रहे। आक्रोशित अधिवक्ताओं ने सड़क पर उतरकर नारेबाजी की और जुलूस निकालकर अपना विरोध दर्ज कराया। इस दौरान दीवानी न्यायालय अभिभाषक संघ की आपात बैठक भी आयोजित की गई, जिसमें सर्वसम्मति से आंदोलन का निर्णय लिया गया।

एडवोकेट एक्ट में संशोधन किए जाने के प्रस्ताव से नाराज अधिवक्ताओं ने दीवानी न्यायालय अभिभाषक संघ की साधारण सभा की आपात बैठक बुलाई। बैठक की अध्यक्षता संघ के अध्यक्ष प्रभाकर सिंह ने की, जबकि संचालन मंत्री अनुराग कुमार दीक्षित ने किया। बैठक में प्रस्तावित संशोधन पर कड़ी आपत्ति जताते हुए इसे अधिवक्ताओं के हितों के खिलाफ बताया गया। सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि अधिवक्ता पूरे दिन न्यायिक कार्य से विरत रहेंगे और एकादशी व्रत रखते हुए शांतिपूर्ण विरोध दर्ज कराएंगे।
बैठक के बाद अध्यक्ष प्रभाकर सिंह के नेतृत्व में अधिवक्ताओं ने गिरजाघर चौराहे से सिविल लाइंस चौराहे तक जुलूस निकाला और सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। इस दौरान मंत्री अनुराग कुमार दीक्षित, पूर्व मंत्री अनिल सिंह, पूर्व उपाध्यक्ष अशोक सिंह, अरूणेंद्र कुमार सिंह, बलवंत सिंह, बृजेश कुमार सिंह, हरिकेश यादव, रविंद्र कुमार यादव, अशोक कुमार पांडे, सुधांशु राय, पंकज सिंह, अजय यादव, संत विजय निषाद समेत बड़ी संख्या में अधिवक्ता मौजूद रहे। अधिवक्ताओं ने चेतावनी दी कि यदि संशोधन प्रस्ताव वापस नहीं लिया गया तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।