रिपोर्ट: अरुण यादव

आजमगढ़।  जिले के रानी की सराय थाना क्षेत्र में महिला से शारीरिक संबंध बनाकर अश्लील वीडियो वायरल करने और जान से मारने की धमकी देने के गंभीर मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

थाना रानी की सराय, जनपद आजमगढ़ पर बीते मंगलवार को एक महिला द्वारा लिखित प्रार्थना पत्र दिया गया था। पीड़िता ने आरोप लगाया कि अभियुक्त ने उसके साथ शारीरिक संबंध बनाकर अश्लील वीडियो तैयार किया और उसे मोबाइल फोन के माध्यम से वायरल करने तथा जान से मारने की धमकी दे रहा है।
प्रार्थना पत्र के आधार पर थाना रानी की सराय पर सुसंगत धाराओं में मुकदमा पंजीकृत किया गया। विवेचना के दौरान प्राप्त साक्ष्यों के आधार पर मुकदमे में  आईटी एक्ट की बढ़ोत्तरी की गई।

पुलिस अधीक्षक आजमगढ़ द्वारा अपराध एवं अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान के क्रम में क्षेत्राधिकारी नगर के निर्देशन तथा थाना प्रभारी रानी की सराय के नेतृत्व में उप निरीक्षक विनोद कुमार यादव मय पुलिस टीम द्वारा शुक्रवार को मुखबिर की सूचना पर अभियुक्त को ग्राम रुदरी मोड़ से  गिरफ्तार कर लिया गया।


पुलिस का कहना है कि जनपद पुलिस महिलाओं की गरिमा और सुरक्षा के प्रति पूरी तरह प्रतिबद्ध है। ऐसे जघन्य अपराधों में शामिल आरोपियों के विरुद्ध कठोरतम वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।