घटनास्थल का निरीक्षण करती पुलिस

गोरखपुर/आज़मगढ़। गोरखपुर  नगर के के सिविल लाइंस इलाके में शुक्रवार को आज़मगढ़ जिले का रहने वाले युवक ने एक तरफा प्यार में घर में घुसकर दो सगी बहनों को गोली मार दी। इसके बाद खुद को भी गोली मार ली। तीनों को गंभीर हालत में बीआरडी मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है। सूचना पर फोरेंसिक टीम के साथ डीएम, एसएसपी और एसपी सिटी पहुंचे और घटना स्थल का निरीक्षण करने के साथ ही परिजनों से मामले की जानकारी ली।

दोनों बहनों की मां ने पुलिस को बताया कि आरोपी आजमगढ़ जिले के तरवां थाना क्षेत्र के खरिहानी बाजार के कम्हरिया गांव निवासी मनदीप यादव (25) बहन का भतीजा है। वह बड़ी बेटी से विवाह करना चाहता था, लेकिन हमलोगों का यह रिश्ता नहीं मंजूर था। बताया कि बड़ी बेटी का रिश्ता कहीं और तय कर दिया है। इससे नाराज होकर मनदीप शुक्रवार दोपहर करीब 1:45 बजे पैदल ही सिविल लाइंस स्थित घर पहुंचा।

गेट पर उसे छोटी बेटी मिली, उसके पेट में गोली मार दी। इसके बाद बाहर आई बड़ी बेटी को भी पेट में गोली मार दी। इसके बाद उसने खुद को सीने में पिस्टल सटाकर गोली मार ली। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी और घायल बेटियों को जिला अस्पताल भिजवाया। आरोपी मनदीप वहीं घर के सामने ही गोली से घायल होकर गिरा पड़ा था। उसे पुलिस ने जिला अस्पताल ले जाकर भर्ती कराया। थोड़ी ही देर में डॉक्टरों ने तीनों घायलों को मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। जहां उनकी हालत नाजुक बताई जा रही है। मेडिकल कॉलेज के डॉक्टरों के अनुसार, दोनों बहनों में छोटी को एक, बड़ी को दो गोली आरोपी ने मारी है। युवक को एक गोली लगी है।

घटना स्थल का निरीक्षण करने पर जानकारी हुई कि आरोपी ने दोनों बहनों को गोली मारी है। इसके बाद खुद को भी पिस्टल से फायर कर घायल कर लिया। घायलों का इलाज मेडिकल कॉलेज में चल रहा है। पीड़ित पक्ष के मौसी की रिश्तेदारी में आरोपी आता है। आरोपी पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। – डॉ. गौरव ग्रोवर, एसएसपी गोरखपुर