आज़मगढ़। जिले के लालगंज में एक अवैध रूप से संचालित निजी अस्पताल में इलाज के दौरान चार वर्षीय मासूम की मौत के बाद हड़कंप मच गया। परिजनों के हंगामे और शिकायत के बाद स्वास्थ्य विभाग की जांच में अस्पताल का रजिस्ट्रेशन न होने का खुलासा हुआ, जिसके बाद प्रशासन ने कड़ी कार्रवाई करते हुए अस्पताल को सीज कर दिया।

मिली जानकारी के अनुसार देवगांव कोतवाली क्षेत्र के नगर पंचायत कटघर लालगंज स्थित गीता चाइल्ड केयर में थाना तरवां क्षेत्र के लोकईपुर ऊंचाहुआ गांव निवासी चार वर्षीय कार्तिक की इलाज के दौरान मौत हो गई। बताया गया कि कार्तिक को डेंगू और मलेरिया की शिकायत पर 3 फरवरी को अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां कई दिनों से उसका इलाज चल रहा था।
शनिवार की दोपहर करीब दो बजे इलाज के दौरान बालक की मौत हो गई। मासूम की मौत की सूचना मिलते ही परिजन आक्रोशित हो गए और अस्पताल प्रशासन पर इलाज में लापरवाही का आरोप लगाते हुए हंगामा शुरू कर दिया। सूचना पर मौके पर पुलिस भी पहुंच गई और स्थिति को संभाला।
घटना की जानकारी मिलते ही डिप्टी सीएमओ अलेंद्र कुमार भी मौके पर पहुंचे और अस्पताल की जांच की। जांच के दौरान जब अस्पताल प्रशासन से रजिस्ट्रेशन संबंधी कागजात मांगे गए तो वे कोई भी दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके। इसके बाद अस्पताल को अवैध रूप से संचालित पाए जाने पर तत्काल सीज कर दिया गया।
अस्पताल में भर्ती करीब आधा दर्जन मरीजों को एहतियातन संयुक्त सौ शैय्या चिकित्सालय लालगंज में स्थानांतरित कराया गया।