(2 फोटो X,1 न्यूज8पीएम)
आजमगढ़। टी-20 विश्वकप के फाइनल में न्यूजीलैंड को 96 रन से हराकर भारत के तीसरी बार खिताब जीतते ही पूरे जनपद में जश्न का माहौल बन गया। शहर से लेकर गांव तक लोग सड़कों पर उतर आए और ‘इंडिया… इंडिया… इंडिया’ के नारों से पूरा माहौल गूंज उठा। जीत की खुशी में लोगों ने आतिशबाजी की, गुलाल उड़ाया और एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर खुशियां साझा कीं।
टी-20 विश्वकप के फाइनल मुकाबले में भारत ने न्यूजीलैंड को 96 रन से पराजित कर तीसरी बार खिताब अपने नाम किया। जैसे ही भारतीय टीम की जीत की खबर आई, वैसे ही आजमगढ़ जनपद में जश्न का माहौल बन गया। शहर से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों तक ‘इंडिया… इंडिया… इंडिया’ के नारों से पूरा इलाका गूंज उठा।
भारत की शानदार जीत के बाद क्रिकेट प्रेमियों का सैलाब सड़कों और बाजारों में उमड़ पड़ा। हाथों में तिरंगा लिए युवा ढोल की थाप पर झूमते नजर आए। कई स्थानों पर लोगों ने जमकर आतिशबाजी की, जबकि कुछ लोग गुलाल लगाकर एक-दूसरे को बधाई देते दिखाई दिए।
जीत के जश्न में लोग इस कदर डूबे थे कि सड़कों पर एक साथ होली और दिवाली जैसा माहौल देखने को मिला। लोगों ने मिठाइयां बांटकर और गले मिलकर खुशी का इजहार किया। सड़कों पर उमड़े क्रिकेट प्रेमियों के चेहरों पर गर्व और खुशी साफ झलक रही थी।
इससे पहले अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में भारत और न्यूजीलैंड के बीच खेले गए टी-20 वर्ल्ड कप फाइनल को लेकर आजमगढ़ जिले में सुबह से ही खेल प्रेमियों में उत्साह का माहौल रहा। शहर से लेकर गांवों तक लोग मैच देखने के लिए घरों, मोहल्लों और दुकानों पर टीवी की बड़ी-बड़ी स्क्रीन लगाकर बैठ गए, जबकि बड़ी संख्या में लोग मोबाइल फोन पर भी मैच का आनंद लेते दिखाई दिए।
फाइनल मैच के कारण शहर और ग्रामीण क्षेत्रों के बाजारों में सन्नाटा पसरा रहा। रविवार को सामान्य दिनों में रहने वाली चहल-पहल भी कम दिखाई दी। ग्रामीण इलाकों में कई दुकानदारों ने मैच देखने के लिए अपनी दुकानें जल्दी बंद कर घर का रुख कर लिया। वहीं कई दुकानों पर टीवी लगाकर दुकानदार और ग्राहक साथ बैठकर मैच देखते नजर आए।
रोमांचक मुकाबले के कारण खरीदारी और घूमने-फिरने के लिए आने वाले लोगों की संख्या भी कम रही। मैच के दौरान भारतीय बल्लेबाजों के हर शॉट पर क्रिकेट प्रेमी उत्साह से झूम उठते थे। चौका-छक्का लगने पर लोग तालियां बजाकर और शोर मचाकर अपनी खुशी का इजहार कर रहे थे।
