रिपोर्ट: अभिषेक उपाध्याय
आज़मगढ़। जिले के जहानागंज थाना क्षेत्र में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। गैंगस्टर एक्ट के तहत वांछित चल रहे एक अभियुक्त को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पकड़ा गया आरोपी संगठित आपराधिक गिरोह से जुड़ा बताया जा रहा है, जो लूट, छिनैती और डकैती जैसी घटनाओं में सक्रिय था।
थाना जहानागंज में बीते 22 दिसंबर 2025 को थानाध्यक्ष अतुल कुमार मिश्रा की ओर से गिरोह लीडर शैलेश यादव उर्फ बूढ़े पुत्र श्यामकेर यादव, निवासी इनवल, थाना मेंहनगर सहित कुल छह अभियुक्तों के विरुद्ध गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई की गई थी। आरोप है कि यह गिरोह अपने सहयोगियों विशाल यादव, धनंजय गिरी, आकाश शर्मा उर्फ आर्यन, ज्ञान प्रकाश यादव उर्फ विज्ञानी तथा साजन तिवारी के साथ मिलकर संगठित आपराधिक गिरोह का संचालन कर रहा था।
गिरोह द्वारा आर्थिक व अन्य लाभ के उद्देश्य से जनपद स्तर पर लूट, छिनैती, डकैती जैसे संगीन अपराध किए जा रहे थे। गिरोह की गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए गैंग चार्ट तैयार कर सक्षम माध्यम से प्रस्तुत किया गया, जिसे जिलाधिकारी आजमगढ़ द्वारा 16 दिसंबर 2025 को अनुमोदित किया गया। इसके आधार पर थाना जहानागंज पर गैंगस्टर के तहत मुकदमा पंजीकृत किया गया।
सोमवार को थानाध्यक्ष अतुल कुमार मिश्रा पुलिस टीम के साथ वांछित अभियुक्तों की तलाश में क्षेत्र में मौजूद थे। इसी दौरान मुखबिर खास से सूचना मिली कि अभियुक्त आकाश शर्मा उर्फ आर्यन शर्मा श्रीराम राष्ट्रीय इंटर कॉलेज, जहानागंज के पास खड़ा है और कहीं भागने की फिराक में है। सूचना पर विश्वास करते हुए पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर मुखबिर के इशारे पर अभियुक्त को हिरासत में ले लिया।
थानाध्यक्ष अतुल कुमार मिश्रा ने बताया कि गिरफ्तार अभियुक्त के विरुद्ध थाना जहानागंज में गैंगस्टर एक्ट सहित डकैती, हत्या के प्रयास, धोखाधड़ी और आर्म्स एक्ट से जुड़े कई गंभीर मुकदमे दर्ज हैं। मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।
