आजमगढ़ । जिले के एक CBSE मान्यता प्राप्त स्कूल का कथित वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आने के बाद विवाद खड़ा हो गया है। वीडियो में स्कूल ड्रेस में 5–6 साल के बच्चों से धर्म और ईश्वर से जुड़े सवाल पूछे जाते दिख रहे हैं, जिनके जवाब बच्चे दे रहे हैं। मामला सामने आने के बाद जिला प्रशासन ने जांच के आदेश दे दिए हैं।

दैनिक भास्कर की रिपोर्ट के मुताबिक, आजमगढ़ के रानी की सराय थाना क्षेत्र स्थित चेकपोस्ट कोटिला में संचालित आजमगढ़ पब्लिक स्कूल का एक वीडियो वायरल हुआ है। वीडियो में 5–6 साल के छोटे बच्चे स्कूल ड्रेस में खड़े दिखाई दे रहे हैं। वीडियो में टीचर बच्चों से पूछती हैं..

“तुम कौन हो?” इस पर बच्चे जवाब देते हैं—“मुसलमान।”

इसके बाद टीचर पूछती हैं—“तुमको किसने बनाया?” बच्चे कहते हैं—“अल्लाह ने।”

इसी तरह जमीन, चांद और सूरज किसने बनाया, इस सवाल पर भी बच्चे “अल्लाह ताला” जवाब देते सुनाई दे रहे हैं।


हालांकि वीडियो में शिक्षिका का चेहरा नहीं दिख रहा है, लेकिन बच्चों को पढ़ाने की आवाज साफ तौर पर रिकॉर्ड हुई है। बताया जा रहा है कि स्कूल CBSE बोर्ड से मान्यता प्राप्त है। जानकारी के मुताबिक, यह स्कूल समाजवादी पार्टी के विधान परिषद सदस्य (MLC) शाह आलम उर्फ गुड्डू जमाली से जुड़ा बताया जा रहा है और स्कूल के डायरेक्टर मोहम्मद नोमान हैं।

रिपोर्ट के मुताबिक स्कूल के प्रबंधक मोहम्मद नोमान ने कहा कि स्कूल में उर्दू विषय पढ़ाया जाता है और संभव है कि उसी से संबंधित पाठ पढ़ाया जा रहा हो। उन्होंने बताया कि संबंधित शिक्षिका को नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण मांगा गया है और जवाब के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।


जिलाधिकारी रविंद्र कुमार ने बताया कि वायरल वीडियो को लेकर शिकायत मिली है। इसकी जांच के लिए तीन सदस्यीय कमेटी का गठन किया गया है। कमेटी की रिपोर्ट आने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।