रिपोर्ट: आशीष निषाद

अतरौलिया/ आज़मगढ़। स्थानीय नगर पंचायत क्षेत्र स्थित राजकीय बालिका इंटर कॉलेज के मुख्य गेट के सामने कई दिनों से मिट्टी का बड़ा ढेर लगा हुआ है, जिससे छात्राओं, अभिभावकों और राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इन दिनों बोर्ड परीक्षा चल रही है, ऐसे में विद्यालय के मुख्य द्वार पर फैली अव्यवस्था दुर्घटना को भी दावत दे रही है।


स्थानीय लोगों का कहना है कि कॉलेज गेट के ठीक सामने जमा मिट्टी के कारण आवागमन बाधित हो रहा है। सुबह और दोपहर के समय छात्राओं की भीड़ के दौरान स्थिति और भी गंभीर हो जाती है। अभिभावकों को अपनी बेटियों को सुरक्षित अंदर पहुंचाने में कठिनाई उठानी पड़ रही है।
समस्या यहीं समाप्त नहीं होती। गेट के बगल से गुजरने वाली नालियां भी पूरी तरह जाम पड़ी हैं, जिनमें गंदा पानी भरा हुआ है। इससे आसपास दुर्गंध फैल रही है और संक्रामक बीमारियों की आशंका बढ़ गई है। स्थानीय निवासी राज कपूर,राजू ,गोकुल, जितेंद्र,जगदीश और रामआसरे सोनकर समेत अन्य लोगों ने बताया कि कई दिनों से यह स्थिति बनी हुई है, लेकिन जिम्मेदार अधिकारी मौन हैं।
लोगों का कहना है कि बोर्ड परीक्षा जैसे संवेदनशील समय में विद्यालय परिसर के बाहर साफ-सफाई और सुचारु व्यवस्था सुनिश्चित करना प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है। इसके बावजूद समस्या के समाधान की दिशा में अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है।
इस संबंध में जब नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारी से फोन पर संपर्क करने का प्रयास किया गया तो उनका फोन रिसीव नहीं हुआ।