आज़मगढ़। पश्चिम एशिया में बढ़ते युद्ध जैसे हालात का असर आज़मगढ़ जिले के कई परिवारों की चिंताओं में साफ दिख रहा है। इस्राइल–ईरान और अमेरिका से जुड़े तनाव के बीच दुबई और इस्राइल में काम कर रहे जिले के युवकों ने खुद को सुरक्षित बताया है, लेकिन मिसाइल हमलों और विस्फोट की खबरों से परिजन सहमे हुए हैं।
अमेरिकन एयरबेस के पास विस्फोट, दुबई में आज़मगढ़ का युवक सुरक्षित
आज़मगढ़ जिले के मुबारकपुर थाना क्षेत्र के रसूलपुर अमिलो निवासी सुनील कुमार खाड़ी देश के दुबई में एक निजी कंपनी में काम करता है। वह जुलाई 2024 में दुबई गया था। शनिवार को काम खत्म कर जैसे ही वह बस से उतरकर अपने कमरे पर पहुंचा, उसी दौरान अमेरिकन एयरबेस के पास विस्फोट हो गया, जिससे बस जल गई। हालांकि सुनील पहले ही उतर चुका था और बाल-बाल बच गया।
सुनील की मां गीता देवी और चाचा रवि प्रकाश ने बताया कि रविवार सुबह करीब 11 बजे सुनील का फोन आया था। उसने बताया कि वह पूरी तरह सुरक्षित है। वहां की सरकार मिसाइल हमले से पहले मोबाइल पर अलर्ट भेजती है और सायरन बजते ही सभी लोग सुरक्षित बंकरों में चले जाते हैं। खुले आसमान में बाहर निकलने पर रोक है। इसके बावजूद बेटे को लेकर परिजन काफी चिंतित हैं।
हरैया ब्लॉक के सेठाकोली गांव के 22 लोग इस्राइल में फंसे
लाटघाट क्षेत्र के हरैया ब्लॉक अंतर्गत सेठाकोली गांव के 22 लोग इस समय इस्राइल में काम कर रहे हैं। इस्राइल और ईरान के बीच शुरू हुए युद्ध से गांव में परिजन परेशान हैं। रविवार को समाजसेवी अमित गुप्ता ने बताया कि गोविंद चौहान, भुल्लर चौहान, नीरज चौहान, हरिश्चंद्र चौहान, प्रदुमन चौहान, पिंटू चौहान, मिथिलेश चौहान, सुभाष चौहान, कमलेश चौहान समेत 22 लोग वहां मौजूद हैं।
वीडियो कॉल पर गोविंद चौहान ने बताया कि वे सभी यरुशलम के बेसमेस मार्केट क्षेत्र में हैं और स्थिति सामान्य है। बम गिरने की सूचना करीब 20 मिनट पहले मिल जाती है, जिसके बाद सभी लोग बंकर में चले जाते हैं। पिंटू चौहान की पत्नी किरण ने भी बताया कि कुछ देर पहले ही बात हुई है और सभी कुशल हैं। वहीं कमलेश के भाई अमलेश और वेद प्रकाश शुक्ला ने भी बताया कि मिसाइल गिरने की सूचना जरूर है, लेकिन किसी तरह की जानमाल की हानि नहीं हुई है। सभी लोग ब्रेड कंपनी में काम करते हैं, जहां इंजन बैटरी तैयार की जाती है।
लालगंज: दुबई में काम कर रहे बेटे को लेकर परिवार की चिंता
लालगंज क्षेत्र के खनियरा निवासी राजू कन्नौजिया पिछले तीन वर्षों से दुबई में काम कर रहे हैं। बीते दो दिनों से ईरान–इस्राइल युद्ध की खबरों के बाद परिजन लगातार मोबाइल से हालात का जायजा ले रहे हैं। रविवार को पिता लक्ष्मी कन्नौजिया ने वीडियो कॉल पर बेटे से बात की। राजू ने बताया कि अमेरिकी बेस के पास हमले की सूचना मिली है, लेकिन फिलहाल कोई खतरा नहीं है। एयरपोर्ट बंद किए जाने की खबर भी सामने आई है। पिता ने कहा कि अगर लौटने की संभावना बने तो घर आ जाना बेहतर होगा।
देवगांव: दुबई में मिसाइल हमले की सूचना, परिवार दहशत में
देवगांव कोतवाली क्षेत्र के तिरौली गांव निवासी दुर्गा प्रसाद बीते दो वर्षों से दुबई में रहकर काम कर रहे हैं। रविवार को उन्होंने पिता हीरालाल से फोन पर बातचीत की और बताया कि वहां हमला हुआ है, लेकिन वे सुरक्षित हैं। एयरपोर्ट बंद होने की सूचना भी दी गई है। दुर्गा के पिता हीरालाल ने कहा कि भगवान सभी भारतीयों की रक्षा करें। वहीं मां मेवाती देवी और बहन रीता बेटे की सलामती को लेकर चिंतित नजर आईं।
