आज़मगढ़। महाराजा सुहेलदेव जयंती के अवसर पर जिले में राजनीतिक और सामाजिक गतिविधियों का दौर देखने को मिला। प्रदेश सरकार के मंत्री व जनपद के प्रभारी मंत्री अनिल राजभर ने माहुल में आयोजित विशाल जनसभा में महाराजा सुहेलदेव के योगदान और उनके सम्मान में उठाए गए ऐतिहासिक कदमों का जिक्र किया।
माहुल में आयोजित जनसभा के दौरान प्रभारी मंत्री अनिल राजभर ने महाराजा सुहेलदेव के पराक्रम और वीरता को याद करते हुए कहा कि उन्होंने सैयद सलार मसूद का मुकाबला किया, जब अयोध्या पर कब्जा करने की कोशिशें हो रही थीं। मंत्री ने बताया कि महाराजा सुहेलदेव ने मातृभूमि की रक्षा करते हुए ऐसा पराक्रम दिखाया कि अगले 175 वर्षों तक भारत पर किसी विदेशी आक्रमण की हिम्मत नहीं हुई।
अनिल राजभर ने पूर्ववर्ती सरकारों पर निशाना साधते हुए कहा कि महाराजा सुहेलदेव को उनका वास्तविक सम्मान नहीं मिला। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनने के बाद महाराजा सुहेलदेव के सम्मान में कई ऐतिहासिक कदम उठाए गए।
मंत्री ने बताया कि भाजपा सरकार ने महाराजा सुहेलदेव के नाम पर ट्रेन चलाई, डाक टिकट जारी किया और बहराइच में उनकी भव्य प्रतिमा स्थापित कराई। इसके अलावा, आजमगढ़ में महाराजा सुहेलदेव विश्वविद्यालय की स्थापना की गई और बहराइच में मेडिकल कॉलेज का नाम भी उनके नाम पर रखा गया।
अनिल राजभर ने कहा कि महाराजा सुहेलदेव का योगदान और पराक्रम आज भी लोगों के लिए प्रेरणा का स्रोत है। उन्होंने जनता से अपील की कि वे अपने इतिहास को याद रखें और देश की सांस्कृतिक और ऐतिहासिक विरासत के प्रति संवेदनशील रहें।
जनसभा में बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए और लोगों ने महाराजा सुहेलदेव के प्रति सम्मान और उनके साहस की सराहना की। कार्यक्रम के दौरान सामाजिक समरसता और मातृभूमि की रक्षा का संदेश भी जोरदार तरीके से दिया गया।
इससे पहले समारोह का विधिवत शुभारंभ महाराजा सुहेलदेव के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलित और माल्यार्पण के साथ हुआ। कार्यक्रम में भारी संख्या में राजभर समाज, पिछड़े समाज और सर्व समाज के लोग उपस्थित रहे। भाजपा के गोरखपुर क्षेत्रीय अध्यक्ष सहजानंद राय, पूर्व सांसद हरिनारायण राजभर, पूर्व मंत्री कृष्ण मुरारी विश्वकर्मा, क्षेत्रीय मंत्री संदीप सिंह सोनू, जिला अध्यक्ष ध्रुव सिंह, और विनोद राजभर सहित तमाम लोग मौजूद रहे।
