रिपोर्ट: अरुण यादव
आजमगढ़। कानून-व्यवस्था को और मजबूत बनाने के उद्देश्य से वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन में अपर पुलिस अधीक्षक नगर मधुवन कुमार सिंह ने थाना निजामाबाद का वार्षिक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान थाना परिसर की व्यवस्थाओं, अभिलेखों और सुरक्षा इंतजामों की गहन समीक्षा करते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
गुरुवार को अपर पुलिस अधीक्षक नगर मधुवन कुमार सिंह द्वारा थाना निजामाबाद का वार्षिक निरीक्षण किया गया। इस दौरान क्षेत्राधिकारी सदर आस्था जायसवाल सहित अन्य अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे। निरीक्षण की शुरुआत गार्द की सलामी से हुई, इसके बाद साइबर हेल्प डेस्क, महिला मिशन शक्ति कक्ष, भोजनालय, थाना कार्यालय, विवेचना कक्ष, बैरक, जनसुनवाई कक्ष, CCTNS प्रणाली, CCTV व्यवस्था तथा विभिन्न अभिलेख व रजिस्टरों की गहन जांच की गई।
निरीक्षण के दौरान पाई गई कमियों को शीघ्र दूर करने के निर्देश देते हुए सभी व्यवस्थाओं को और अधिक सुदृढ़ व प्रभावी बनाए जाने की बात कही गई। थाना कार्यालय में रखे अभिलेख अद्यावधिक न मिलने पर उन्हें समयबद्ध रूप से पूर्ण कराने के निर्देश दिए गए। साथ ही हिस्ट्रीशीटरों की लगातार निगरानी और प्रभावी पर्यवेक्षण सुनिश्चित करने को कहा गया।
मेस में कार्यरत अनुचर को साफ-सफाई बनाए रखने और निर्धारित मेन्यू के अनुसार समय से भोजन तैयार करने के निर्देश दिए गए। थाना परिसर में खड़े वाहनों के शीघ्र निस्तारण, अवैध शराब व मादक पदार्थों की बिक्री पर रोक तथा अवैध अतिक्रमण हटाने को लेकर भी आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
अंत में अपर पुलिस अधीक्षक नगर ने थाना क्षेत्र के चौकीदारों के साथ गोष्ठी कर उनसे समय पर आपराधिक सूचनाओं के आदान-प्रदान की अपेक्षा की और उन्हें अंगवस्त्र प्रदान कर सम्मानित किया।
