आजमगढ़। अधिशासी अभियंता विद्युत ने सभी उपभोक्ताओं को सूचित किया है कि बिजली बिल राहत योजना का प्रथम चरण अब 03 जनवरी तक बढ़ा दिया गया है। योजना के तहत उपभोक्ताओं को बकाया राशि और बिजली चोरी के मामलों में विशेष राहत दी जा रही है।

मिली जानकारी के अनुसार, विद्युत विभाग ने बताया कि अभी तक 91,473 उपभोक्ता बिजली बिल राहत योजना का लाभ ले चुके हैं। बिजली चोरी के प्रकरणों में राजस्व निर्धारण पर 50 प्रतिशत की राहत मिल रही है, जिसमें अब तक 1,086 उपभोक्ता लाभान्वित हुए हैं।

बकाया बिजली बिल जमा करने के लिए प्रतिमाह बिल के साथ 780 या 500 रुपये की किस्त का विकल्प भी लिया जा सकता है। कांशीराम आवास से अभी तक 4 उपभोक्ता इस सुविधा का लाभ ले चुके हैं।

पहले चरण में ब्याज के अतिरिक्त मूलधन पर 25 प्रतिशत की राहत दी जा रही है, जबकि दूसरे चरण में यह राहत 20 प्रतिशत होगी। किस्त का चयन करने पर क्रमशः 10 प्रतिशत और 5 प्रतिशत की अतिरिक्त राहत भी मिल रही है।

विद्युत विभाग ने उपभोक्ताओं से अपील की है कि इस राहत योजना का लाभ अवश्य लें।