आज़मगढ़। भारत रत्न, श्रद्धेय पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय श्री अटल बिहारी वाजपेई जी की जन्मशताब्दी वर्ष के समापन अवसर पर जनपद आज़मगढ़ में सोमवार  को एक भव्य एवं प्रेरणादायी कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर सुशासन का महत्व विषय पर भाषण प्रतियोगिता तथा अटल जी की अमर कविताओं पर आधारित एकल काव्य पाठ प्रतियोगिता आयोजित की गई, जिसने युवाओं में वैचारिक चेतना और साहित्यिक रुचि का संचार किया।


कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य अटल बिहारी वाजपेई जी के विचारों, उनके अद्वितीय साहित्यिक योगदान तथा सुशासन की अवधारणा को नई पीढ़ी तक पहुँचाना था। प्रतियोगिताओं में श्री अग्रसेन महिला महाविद्यालय की छात्राएँ करीना यादव, अमृता सिंह, छाया मौर्य एवं कुमारी अंशिका ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए अपनी वैचारिक स्पष्टता, वक्तृत्व कला एवं साहित्यिक प्रतिभा का प्रभावशाली प्रदर्शन किया।
इन प्रतियोगिताओं में प्रतिभाग करने वाले विद्यार्थियों के सम्मान एवं पुरस्कार वितरण समारोह का आयोजन गुरुवार को जनपद आज़मगढ़ के कलेक्ट्रेट परिसर में गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ।

इस अवसर पर सभी प्रतिभागी छात्राओं को प्रशस्ति-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में विशेष उपलब्धि हासिल करते हुए महाविद्यालय की छात्रा कुमारी अंशिका ने अटल जी की कविताओं पर आधारित एकल काव्य पाठ प्रतियोगिता में तृतीय स्थान प्राप्त कर न केवल अपने महाविद्यालय बल्कि पूरे जनपद को गौरवान्वित किया। उन्हें इस उपलब्धि के लिए प्रमाण-पत्र एवं ₹2500 की धनराशि का चेक प्रदान किया गया।


इस अवसर पर महाविद्यालय की प्राचार्य प्रोफेसर निशा कुमारी ने सभी प्रतिभागी छात्राओं को आशीर्वचन देते हुए कहा कि इस प्रकार की प्रतियोगिताएँ विद्यार्थियों में वैचारिक परिपक्वता, साहित्यिक अभिरुचि एवं राष्ट्रीय मूल्यों के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। उन्होंने छात्राओं के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए निरंतर प्रगति के पथ पर अग्रसर रहने की शुभेच्छा प्रकट की।