
अलीगढ़। राणा सांगा को गद्दार कहने वाले सपा सांसद रामजी लाल सुमन के काफिले पर रविवार दोपहर हमला हो गया। अलीगढ़ के गभाना टोल प्लाजा के पहले क्षत्रिय समाज के युवक अचानक हाईवे पर आ गए। काफिले पर टायर और पत्थर फेंकने लगे।
काफिले में 20 से ज्यादा गाड़ियां थीं। हमले से बचने के लिए काफिले की गाड़ियां तेजी से भागने लगी। इस कारण थोड़ी दूर जाकर आपस में काफिले की 10 गाड़ियां आपस में टकरा गई। इसमें कुछ लोग चोटिल हो गए।
हमले के बाद समर्थक और पुलिस ने रामजी लाल को सुरक्षा घेरे में ले लिया। उनको बुलंदशहर की तरफ रवाना किया। सपा सांसद बुलंदशहर में एक दलित परिवार से मिलने जा रहे थे।
सपा सांसद रामजी लाल सुमन रविवार को आगरा से बुलंदशहर जा रहे थे। उन्हें अलीगढ़ होते हुए बुलंदशहर जाना था। उनके काफिले में करीब 25 गाड़ियां शामिल थी। दोपहर करीब दो बजे गोभाना टोल प्लाजा से काफिला निकलते ही करणी सेना से जुड़े क्षत्रिय समाज के युवकों ने उनके काफिले पर टायर और पत्थर फेंकने शुरू कर दिए। पत्थर लगने से कई गाड़ियों के शीशे टूट गए। गाड़ियां तेज रफ्तार से निकलने लगी तो आगे जाकर आपस में भी टकरा गईं।
करणी सेना ने पहले ही सुमन पर अलीगढ़ से गुजरते समय हमले की धमकी दी थी। हमले के बाद करणी सेना के प्रदेश अध्यक्ष दुर्गेश सिंह ने कहा कि रामजी लाल सुमन हमारे महापुरुषों के खिलाफ गलत बयान दे रहे हैं। वह जिस तरह से ललकार रहे हैं उससे लोगों में आक्रोश बना हुआ है। अगर यह हमला गलत है तो वह जिस तरह से बोल रहे हैं क्या वह सही है? दुर्गेश ने कहा कि उन्होंने जिस तरह से हमारे महापुरुषों के लिए भाषा का इस्तेमाल किया है वह माफी मांग लें। चेतावनी दी कि जब तक माफी नहीं मागेंगे हमारा विरोध प्रदर्शन चलता रहेगा।