आज़मगढ़। जिले में खोए हुए मोबाइल फोन की बरामदगी के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। आजमगढ़ पुलिस ने 154 एंड्रॉयड मोबाइल फोन बरामद कर उनके वास्तविक स्वामियों को सौंप दिया। पुलिस ने फरवरी 2024 से अब तक कुल 3179 मोबाइल फोन बरामद कर लोगों को वापस किए जा चुके हैं।
जनपद में गुमशुदा मोबाइल फोन की बरामदगी के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसके तहत मोबाइल धारकों द्वारा सीईआईआर पोर्टल पर ऑनलाइन शिकायत दर्ज कराई जाती है, जिसके आधार पर पुलिस और सीसीटीएनएस प्रभारी की टीम मोबाइल फोन को ट्रेस कर बरामद करने का कार्य करती है।
इसी अभियान के क्रम में फरवरी 2026 के दौरान आजमगढ़ पुलिस ने सीईआईआर पोर्टल की मदद से जिले में खोए हुए कुल 154 एंड्रॉयड मोबाइल फोन बरामद किए हैं, जिनकी अनुमानित कीमत लगभग 38.50 लाख रुपये बताई जा रही है।
रविवार को रिजर्व पुलिस लाइन आजमगढ़ में आयोजित कार्यक्रम के दौरान अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण चिराग जैन ने बरामद मोबाइल फोन उनके वास्तविक स्वामियों को सुपुर्द किया। अपने मोबाइल वापस पाकर लोगों के चेहरे पर खुशी देखने को मिली और उन्होंने पुलिस के इस प्रयास की सराहना की।
अपर पुलिस अधीक्षक चिराग जैन ने बताया कि वर्ष 2026 में अब तक कुल 351 एंड्रॉयड मोबाइल फोन बरामद कर उनके मालिकों को वापस किए जा चुके हैं। वहीं फरवरी 2024 से अब तक के लगभग 25 माह की अवधि में कुल 3179 मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं, जिनकी अनुमानित कीमत करीब 7.885 करोड़ रुपये है।
उन्होंने बताया कि गुमशुदा मोबाइल फोन की बरामदगी के लिए अभियान जारी रहेगा और लोगों से अपील की गई है कि मोबाइल खोने या चोरी होने की स्थिति में तुरंत सीईआईआर पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराएं।
