आज़मगढ़। जिले के फूलपुर में यूबीआई बैंक एटीएम के बाहर गोली से घायल हुए दो लोगों में से एक युवक की इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि दूसरा घायल खतरे से बाहर बताया जा रहा है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है। वही पुलिस ने फरार गार्ड को असलहा समेत हिरासत में लेलिया है।
मिली जानकारी के अनुसार बुधवार को फूलपुर कोतवाली क्षेत्र स्थित यूनियन बैंक एटीएम के बाहर उस समय बड़ा हादसा हुआ था, जब बाइक की टक्कर लगने से एटीएम गार्ड के हाथ से बंदूक छूटकर सड़क पर गिर पड़ी और गिरते ही अचानक गोली चल गई। गोली पास में बैठे बैसाडीह कटयां गांव निवासी संजय चौहान (27) और लवकुश चौहान (40) को लग गई थी। दोनों को गंभीर हालत में हायर सेंटर रेफर किया गया था।
इलाज के दौरान संजय चौहान (27) की मौत हो गई, जबकि दूसरे घायल लवकुश की हालत अब खतरे से बाहर बताई जा रही है। युवक की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।
घटना पर एएसपी ग्रामीण चिराग जैन ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल भेजवाया गया। उपचार के दौरान संजय की मौत हो गई, जबकि दूसरा लवकुश खतरे से बाहर है। घटना में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
