रिपोर्ट: अरुण यादव

आज़मगढ़। जिले के अहरौला थाना क्षेत्र की पुलिस ने एक महिला को शादी का झांसा देकर लंबे समय तक शारीरिक शोषण करने और बाद में वीडियो के माध्यम से ब्लैकमेल करने के आरोपी को रविवार को मड़ना पुलिया से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी श्रीकांत यादव अहरौला थाना क्षेत्र के बेंदुई गांव का निवासी है।

दो जुलाई 2025 को पीड़िता ने अहरौला थाने में तहरीर देकर आरोप लगाया था कि श्रीकांत यादव वर्ष 2012 से शादी का झांसा देकर शारीरिक संबंध बना रहा था। वर्ष 2023 से आरोपी ब्लैकमेल करते हुए वीडियो वायरल करने की धमकी देने लगा और 25 हजार रुपये ऐंठ लिए।

आरोप लगाया कि किसी से जानकारी साझा करने पर जान से मारने की धमकी भी दी थी। मामले में थाना अहरौला में मुकदमा दर्ज किया गया। रविवार को थानाध्यक्ष प्रदीप कुमार ने मड़ना पुलिया से आरोपी श्रीकांत यादव को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार, महिला का मेडिकल पहले ही करा लिया गया था। दुष्कर्म का केस भी दर्ज हुआ था। आरोपी को कोर्ट में पेशकर जेल भेजा गया।