आजमगढ़। जिले  के मेंहनगर थाना क्षेत्र में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध हथियारों की तस्करी में लिप्त एक शातिर अभियुक्त को गिरफ्तार किया है। अभियुक्त के कब्जे से पिस्टल, तमंचा, जिंदा कारतूस और खोखा बरामद किए गए हैं। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है।

मिली जानकारी के अनुसार, थाना मेंहनगर में तैनात उपनिरीक्षक आदिल खान अपने हमराह आरक्षी मुकेश चौधरी एवं आरक्षी अतुल कुमार शुक्ला के साथ शनिवार को वांछित व वारंटी अभियुक्तों की तलाश तथा रात्रि गश्त ड्यूटी पर ग्राम देवईत पहुंचे थे। इस दौरान वहां रात्रि गश्त में तैनात मुख्य आरक्षी अनिल कुमार एवं मुख्य आरक्षी शिवपूजन यादव से अपराध एवं अपराधियों के संबंध में बातचीत की जा रही थी।
इसी बीच मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि एक व्यक्ति अवैध हथियारों के साथ मौजूद है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची तो एक व्यक्ति पुलिस को देखकर गद्दीपुर की ओर भागने लगा। पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया।


पकड़े गए व्यक्ति ने अपना नाम राम रतन यादव पुत्र अलगू यादव, निवासी ग्राम गद्दीपुर, थाना मेंहनगर, जनपद आजमगढ़ बताया। तलाशी के दौरान अभियुक्त के कब्जे से एक झोले में एक  पिस्टल, दो  कारतूस, एक तमंचा, कारतूस  बरामद किए गए।
पूछताछ में अभियुक्त ने बताया कि वह गलत संगत में पड़कर बिहार से अवैध हथियार मंगाकर बेचने का कार्य करता है। पुलिस ने अभियुक्त के विरुद्ध  विधिक कार्यवाही शुरू कर दी है।