आजमगढ़ के सलमानी अस्पताल में आईसीयू वार्ड के अंदर स्वास्थ्यकर्मी के साथ मारपीट और पिस्टल दिखाकर धमकाने की घटना सामने आई है। इस मामले में पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और आगे की कार्रवाई जारी है।

मिली जानकारी के अनुसार 19 मार्च को सलमानी अस्पताल के आईसीयू वार्ड में ड्यूटी पर तैनात स्टाफ नर्स सूरज मौर्या मरीज की देखरेख कर रहे थे। इसी दौरान विधायक नफीस अहमद एक मरीज से मिलने अस्पताल पहुंचे थे। आरोप है कि बातचीत के बाद जब स्वास्थ्यकर्मी ने बाहर जाने के लिए कहा तो विधायक के साथ आए युवक गुफरान अहमद ने आपा खो दिया और नर्स पर हमला कर दिया।
पीड़ित सूरज मौर्या के मुताबिक, आरोपी ने पिस्टल उनकी कनपटी पर सटाकर जान से मारने की धमकी दी और विरोध करने पर गला दबाकर मारपीट की। घटना के दौरान अस्पताल में अफरा-तफरी मच गई और लोगों के जुटने पर आरोपी मौके से फरार हो गया।
पीड़ित की तहरीर के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू की और आरोपी गुफरान अहमद को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार घटना में इस्तेमाल किए गए हथियार की भी जांच की जा रही है।
इस संबंध में सीओ सदर शुभम तोदी ने बताया कि मामले को गंभीरता से लेते हुए आरोपी की गिरफ्तारी कर ली गई है और आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।