आज़मगढ़। लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती के अवसर पर शुक्रवार को मंडलायुक्त विवेक के निर्देश पर अपर आयुक्त (प्रशासन) शमशाद हुसैन ने आयुक्त कार्यालय सभागार में अधिकारियों एवं कर्मचारियों को राष्ट्र की एकता, अखंडता और सुरक्षा बनाए रखने की शपथ दिलाई।

अपर आयुक्त शमशाद हुसैन ने कहा कि शासन के निर्देशानुसार 31 अक्टूबर को हर वर्ष सरदार पटेल जयंती को राष्ट्रीय एकता दिवस के रूप में मनाया जाता है। यह अवसर देश की एकता और अखंडता को सशक्त करने तथा राष्ट्रीय एकजुटता की भावना को और प्रगाढ़ करने का संकल्प दिलाता है। उन्होंने कहा कि आज ली गई यह शपथ केवल औपचारिकता नहीं, बल्कि राष्ट्र की प्रगति और सुरक्षा के प्रति एक सच्ची प्रतिबद्धता है। सभी अधिकारी-कर्मचारी इस भावना को अपने कार्यों में उतरें और समाज में एकता का संदेश प्रसारित करें।

इस अवसर पर अपर आयुक्त ने सरदार वल्लभभाई पटेल के चित्र का अनावरण कर श्रद्धासुमन अर्पित किए। कार्यक्रम में अपर निदेशक अभियोजना बी.पी. पांडेय, सहायक आयुक्त (औषधि) गोविंद लाल गुप्ता सहित सभी कर्मचारी मौजूद रहे। सभी ने सरदार पटेल के चित्र पर माल्यार्पण कर राष्ट्र की एकता और अखंडता के प्रति समर्पण का संकल्प लिया।