आजमगढ़। जिले के सिधारी थाना क्षेत्र के जाफरपुर में सोमवार की शाम पति से विवाद के बाद एक विवाहिता ने फंदे से लटककर आत्महत्या कर ली। परिजन का रो-रोकर बुरा हाल है।
मिली जानकारी के अनुसार, महराजगंज निवासी पिंटू मद्धेशिया की 19 वर्षीय पुत्री सलोनी की आठ माह पहले सिधारी थाना क्षेत्र के जाफरपुर स्थित कांशीराम आवास निवासी दिव्यांशु गुप्ता से शादी हुई थी। दिव्यांशु ई-रिक्शा चलाता है।
सोमवार दोपहर को दिव्यांशु ई-रिक्शा चलाकर घर लौटे। सलोनी ने पति को थाली में भोजन दिया, लेकिन दोनों के बीच किसी बात को लेकर फिर विवाद हो गया। भोजन न खाने पर नाराज सलोनी ने भोजन नाली में फेंक दिया और अपने कमरे में चली गई।
कुछ देर बाद पति कमरे में गया तो दरवाजा अंदर से बंद था। खिड़की से देखने पर उसने देखा कि सलोनी साड़ी के सहारे छत के चुल्ला से फंदे पर लटकी हुई थी।
चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और दरवाजा तोड़कर सलोनी को फंदे से उतारा। आनन-फानन में उसे मिशन अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इस दुखद घटना से परिजन का रो-रोकर बुरा हाल है।
