आज़मगढ़। जिले के मेंहनगर क्षेत्र के रविदास नगर में रविवार रात शादी समारोह में बड़ा हंगामा हो गया। आरोप है कि दूल्हा शराब पीकर मंडप में बैठ गया, जिसके बाद वधू पक्ष भड़क उठा और दूल्हे समेत उसके नाना व बड़े पिता को बंधक बना लिया। पूरी रात चली पंचायत के बाद भी दुल्हन अपने फैसले पर अड़ी रही और शादी से इनकार कर दिया।
बताया जा रहा है कि सिंहपुर से धूमधाम के साथ बारात रविदास नगर पहुंची। जयमाल रस्म के बाद जैसे ही सिंदूरदान की बारी आई, दुल्हन ने सबके सामने दूल्हे पर नशे में होने का आरोप लगाया। कहा-सुनी धीरे-धीरे विवाद में बदल गई और बाराती मौके से बचकर निकलने लगे। उधर लड़की पक्ष ने दूल्हा पक्ष के तीन लोगों को रोक लिया।
बताया जा रहा है कि दोनों पक्षों के बीच पहले भी कुछ बातों को लेकर तनाव था, जो इस विवाद के बाद और गहरा गया। गांव में रातभर पंचायत चलती रही, लेकिन दुल्हन ने साफ कह दिया कि शराबी से शादी नहीं करूंगी।
सोमवार को दिनभर चली पंचायत के बाद अंततः दोनों पक्षों ने आपसी सहमति से नाता खत्म करते हुए एक-दूसरे का सामान और खर्च की राशि लौटा दी। तब जाकर मामला शांत हुआ और बारात बैरंग लौट गई।
