रिपोर्ट: अरुण यादव

आजमगढ़। विधानसभा सगड़ी के विधायक डॉ. एचएन सिंह पटेल मंगलवार को सैकड़ों समर्थकों के साथ जीयनपुर कोतवाली  व जिला मुख्यालय पर अधिकारियों के पास पहुंचे और  ज्ञापन सौंपते हुए सपा सुप्रीमो और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के खिलाफ अभद्र टिप्पणी करने वाले आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।

विधायक ने आरोप लगाया कि मोचीपुर लाटघाट निवासी अश्वनी कुमार गुप्ता ने सोशल मीडिया पर सपा मुखिया अखिलेश यादव के पुत्र अर्जुन यादव व अखिलेश यादव के खिलाफ आपत्तिजनक और अमर्यादित टिप्पणियां की हैं। डॉ. सिंह पटेल ने कहा कि आरोपी न केवल अपमानजनक भाषा का प्रयोग कर रहा है, बल्कि पूरे यादव समाज की छवि को भी धूमिल करने की कोशिश कर रहा है।

उन्होंने प्रशासन को चेतावनी देते हुए कहा कि यदि आरोपी की तत्काल गिरफ्तारी नहीं हुई तो सपा कार्यकर्ता धरना-प्रदर्शन पर मजबूर होंगे। ज्ञापन की प्रतिलिपि पुलिस अधीक्षक, डीआईजी और डीजीपी लखनऊ को भी भेज दी गई है।

एसपी ग्रामीण चिराग जैन ने बताया  कि सोशल मीडिया पर अखिलेश यादव के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी करने वाले युवक के खिलाफ मुकदमा पंजीकृत कर जांच जारी है। आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।