रिपोर्ट: अरुण यादव
आजमगढ। जिले के बरदह थाना क्षेत्र के लल्लूगंज बाजार में बुधवार शाम हुए सड़क हादसे में आंगनबाड़ी कार्यकत्री की मौत हो गई, जबकि उनका बेटा गंभीर रूप से घायल हो गया। दोनों पूजा में शामिल होने के लिए मायके जा रहे थे।
मिली जानकारी के अनुसार दीदारगंज थाना क्षेत्र के सुरहन गांव निवासी 45 वर्षीय इंदिरा तिवारी पत्नी अश्वनी तिवारी बरदह क्षेत्र के एक केंद्र पर आंगनबाड़ी कार्यकत्री थीं। बुधवार को उनके मायके सरावा गांव में पूजा व भंडारे का आयोजन था। इंदिरा तिवारी अपने बेटे नवीन तिवारी, जो अग्निवीर के रूप में सेना में कार्यरत है, के साथ बाइक से मायके जा रही थीं। गुरुवार की शाम करीब पांच बजे लल्लूगंज बाजार के पास सामने से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही मां-बेटा सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। राहगीरों की मदद से दोनों को बरदह सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने इंदिरा को जौनपुर रेफर किया, जहां से उन्हें ट्रामा सेंटर वाराणसी भेजा गया।
वाराणसी पहुंचने पर डॉक्टरों ने इंदिरा को मृत घोषित कर दिया। वही नवीन का इलाज जारी है। बताया गया कि वह एक सप्ताह पहले ही छुट्टी पर घर आया था। घटना की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।
