
अटल जी की पुण्यतिथि पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने अर्पित की श्रद्धांजलि
आजमगढ़। भारतीय जनता पार्टी जिला कार्यालय पर आज पूर्व प्रधानमंत्री एवं भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेई की पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि सभा आयोजित की गई। कार्यक्रम का नेतृत्व भाजपा जिलाध्यक्ष आजमगढ़ सदर ध्रुव सिंह ने किया।
इस अवसर पर जिलाध्यक्ष ध्रुव सिंह ने कहा कि अटल बिहारी वाजपेई भारतीय राजनीति के महानायक थे। वे भाजपा के संस्थापक सदस्य और पहले अध्यक्ष थे। उन्होंने अपना संपूर्ण जीवन भारत माता की सेवा में समर्पित कर दिया। पोखरण परमाणु परीक्षण कर उन्होंने भारत को दुनिया में परमाणु शक्ति संपन्न राष्ट्रों की श्रेणी में खड़ा किया। उनका व्यक्तित्व इतना प्रभावशाली था कि राजनीतिक विरोधी भी उनकी कार्यशैली और वक्तृत्व कला की सराहना करते थे।
जिला अध्यक्ष ने कहा कि अटल जी ने राजनीति में आदर्श, सिद्धांत और राष्ट्रवाद की मिसाल पेश की। आज उनकी पुण्यतिथि पर हम सब उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लेते हैं।
कार्यक्रम में अखिलेश मिश्रा गुड्डू, घनश्याम सिंह पटेल, श्रीकृष्ण पाल, हरबंस मिश्रा, पूनम सिंह, पवन सिंह, बृजेश यादव, सुजीत सिंह, आनंद सिंह, विनय प्रकाश गुप्ता, मृगांक शेखर सिन्हा सहित अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।
