आज़मगढ़। जिले के फूलपुर कोतवाली क्षेत्र के एक गांव में उस समय हड़कंप मच गया जब सुबह दौड़ लगाने गई एक छात्रा के साथ गांव के ही युवक ने दुष्कर्म का प्रयास किया। छात्रा के शोर मचाने पर मौके पर पहुंचे राहगीर ने बहादुरी दिखाते हुए छात्रा को बचा लिया। पुलिस ने छात्रा के पिता की तहरीर पर आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मिली जानकारी के अनुसार, फूलपुर क्षेत्र के एक गांव की निवासी 15 वर्षीय किशोरी कक्षा नौ की छात्रा है। वह प्रतिदिन सुबह दौड़ लगाने जाती है। रोज की तरह रविवार को भी वह दौड़ रही थी। तभी गांव का युवक प्रिंस बिंद वहां पहुंचा और छात्रा को पकड़ लिया। आरोपी ने उसे घसीटकर खेत में ले जाकर दुष्कर्म का प्रयास किया।
छात्रा ने बचाव के लिए शोर मचाना शुरू किया। इस दौरान रास्ते से गुजर रहा एक राहगीर वहां पहुंच गया। राहगीर को आता देख आरोपी मौके से फरार हो गया। घटना से डरी-सहमी छात्रा किसी तरह घर पहुंची और अपने पिता को पूरी घटना की जानकारी दी। पिता की तहरीर पर फूलपुर कोतवाली पुलिस ने आरोपी प्रिंस बिंद के विरुद्ध दुष्कर्म के प्रयास का मुकदमा दर्ज कर लिया है।
कोतवाल सच्चिदानंद ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।
