रिपोर्ट: एसपी त्रिपाठी

आजमगढ़। जिले के नेहरू हाल सभागार में ऑटो रिक्शा ई-रिक्शा चालक समिति उत्तर प्रदेश का 38वां वार्षिक महाधिवेशन आयोजित हुआ। इसमें एआरटीओ अतुल कुमार यादव, प्रबंधक कृष्ण मोहन त्रिपाठी, प्रदेश अध्यक्ष राजेश यादव, वाहन चालक कल्याण संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष सुरेश चंद यादव सहित कई प्रमुख अतिथि शामिल हुए। समिति प्रदेश अध्यक्ष कृपा शंकर पाठक के नेतृत्व में अतिथियों का अंगवस्त्र और मोमेंटो देकर स्वागत किया गया। कार्यक्रम में संगठन की उपलब्धियों और चल रहे मुद्दों पर चर्चा की गई।

संगठन ने पिछले 10 वर्षों के संघर्ष के बाद सुप्रीम कोर्ट से ऑटो चालकों को 20 वर्षों की परमिट दिलाई। साथ ही ऋण पर लगने वाले 10 प्रतिशत वसूली शुल्क को माफ कराने, सड़कों के चौड़ीकरण, पुलिस द्वारा चालान व उत्पीड़न जैसे मुद्दों पर आंदोलन किया। संगठन मंत्री शाहिद अहमद ने चालकों से अपने वाहनों के कागजात सही कराने की अपील की। कार्यक्रम का संचालन कर रहे प्रभु नारायण पांडेय ‘प्रेमी’ ने कहा कि आवश्यकता पड़ने पर चालक सड़क पर आंदोलन करेंगे। छोटेलाल और वीरेंद्र यादव ने प्रशासन से ऑटो स्टैंड की व्यवस्था कराने की मांग की। एआरटीओ अतुल कुमार यादव ने चालकों से नियमों के दायरे में रहकर सहयोग करने की बात कही। अन्य अतिथियों ने चालकों के साथ हो रहे अन्याय पर चिंता जताई और हर संभव मदद का आश्वासन दिया। कार्यक्रम में मुकेश लाल, शाहिद अहमद रियाज, अनिल कुमार, शनि गुप्ता, रामअवतार राम, रमेश, कमला, विंध्याचल शुक्ल, सुरेंद्र राम, गोवर्धन राम सहित बड़ी संख्या में ऑटो चालक शामिल हुए।