रिपोर्ट: अरुण यादव
आजमगढ़। जिले के थाना फूलपुर क्षेत्र की पुलिस ने युवती के साथ दुष्कर्म के मामले में वांछित आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की पहचान पंकज गौड़ पुत्र लालचंद निवासी ग्राम भदसार, थाना फूलपुर, जनपद आजमगढ़ के रूप में हुई है।
मामला इसी वर्ष 6 जनवरी को तब हुआ, जब पीड़िता के परिजन ने थाने में तहरीर दी थी कि अभियुक्त उनकी नाबालिग बेटी को बहला-फुसलाकर भगा ले गया है। इस आधार पर पुलिस ने तत्काल मुकदमा पंजीकृत किया और प्रारंभिक रूप से मामले में भारतीय न्याया संहिता (BNS) की धारा 137(2)/87 लगाई गई थी।
जांच के क्रम में पुलिस ने पीड़िता को बरामद कर उसका बयान दर्ज कराया और मेडिकल परीक्षण भी कराया। प्राप्त साक्ष्यों और पीड़िता के बयान के आधार पर मामले में BNS की धारा 64(1) और पॉक्सो एक्ट की धारा 3/4(2) को जोड़ा गया।
पुलिस ने शुक्रवार को खान्जहापुर से आरोपी पंकज गौड़ को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी उ0नि0 रज्जन द्विवेदी और उनकी टीम द्वारा की गई। आरोपी के खिलाफ अन्य विधिक कार्रवाई प्रक्रियागत रूप से जारी है।
