आजमगढ़। मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान योजना के तहत आजमगढ़ जिले के युवाओं ने स्वरोजगार के लिए बढ़-चढ़कर आवेदन किया है। अप्रैल-2025 में योजना का लाभ देने में जिले का स्थान 22वां था, लेकिन लगातार ब्लॉक स्तर पर आयोजित वर्कशाप और बैंक काउंसलिंग के चलते अब आजमगढ़ प्रदेश में योजना का लाभ देने में दूसरा स्थान हासिल कर चुका है। इस उपलब्धि के लिए यूपी दिवस पर लखनऊ में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आजमगढ़ जिलाधिकारी को सम्मानित किया।
आजमगढ़ जिलाधिकारी रविंद्र कुमार ने बताया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के मार्गदर्शन में जिले में युवाओं को स्वरोजगार से जोड़ने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। अप्रैल-2025 तक जिले का स्थान योजना के लाभ देने में 22वां था, लेकिन लगातार ब्लॉक स्तर पर आयोजित वर्कशाप और बैंक काउंसलिंग के कारण जिले ने प्रदेश में दूसरा स्थान प्राप्त कर लिया है।
वर्तमान वित्तीय वर्ष 2025-26 में जिले को 2,500 युवाओं को लोन देने का लक्ष्य दिया गया था। इस लक्ष्य के सापेक्ष अब तक 7,315 आवेदन प्राप्त हुए हैं। इनमें से 6,253 आवेदनों को बैंक को फॉरवर्ड किया गया, और 3,219 युवाओं को स्वरोजगार लोन वितरित किया जा चुका है, जिसका रेश्यो 128.76 प्रतिशत है।
जिलाधिकारी ने बताया कि योजना का लाभ अधिक से अधिक युवाओं तक पहुँचाने के लिए ब्लॉक स्तर पर वर्कशाप आयोजित की जा रही हैं, जिसमें वरिष्ठ अधिकारी, बैंकर्स और आवेदक आमने-सामने काउंसलिंग करते हैं। इसी वजह से आजमगढ़ पिछले कई महीनों से लगातार दूसरे स्थान पर बना हुआ है।
इसके साथ ही जौनपुर प्रदेश में प्रथम और हरदोई तीसरे स्थान पर है। जिले के इस सकारात्मक प्रदर्शन से स्पष्ट है कि मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान न केवल युवाओं को स्वरोजगार के अवसर दे रही है, बल्कि उन्हें आत्मनिर्भर बनाने में भी मददगार साबित हो रही है।
इस उपलब्धि के लिए आज यूपी दिवस के अवसर पर लखनऊ में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आजमगढ़ जिलाधिकारी को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया।
